पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर की थाना नॉलेज पार्क टीम ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। 14 जनवरी को एक्सपोमार्ट की ओर जाने वाली नाले के किनारे वाली सड़क पर चेकिंग के दौरान तीन अभियुक्तों को 102.4 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया। इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध Ascent कार (रजिस्ट्रेशन नंबर UP 16 HT 1924) को रोका। कार में छिपाकर रखा गया पूरा 102.4 किलो गांजा बरामद हुआ और कार भी जब्त कर ली गई।
तस्करी का पूरा नेटवर्क और तरीका
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि अभियुक्त ओडिशा से गांजा बहुत सस्ते दामों में (4,000 से 5,000 रुपये प्रति किलो) खरीदते थे। वे ट्रकों को किराए पर लेकर माल लाते थे, फिर टैक्सी कार में ट्रांसफर कर एनसीआर के किराए के मकानों में स्टोर करते थे। यहां से दिन के हिसाब से टैक्सी कार किराए पर लेकर अनजान रास्तों का इस्तेमाल करते हुए पुलिस और सीसीटीवी से बचते हुए 15,000 से 20,000 रुपये प्रति किलो की दर से बिक्री करते थे। इस बार भी ओडिशा से ट्रक से मंगवाया गया माल टैक्सी में लोड कर ले जाते समय पकड़े गए।गिरफ्तार हुए अभियुक्तों में रिंकू यादव (उम्र करीब 32 वर्ष, मूल मैनपुरी, हाल मामूरा, नोएडा) संजीव साहू (उम्र करीब 32 वर्ष, मूल बदायूं, हाल गाजियाबाद) और अभिषेक कुमार (उम्र करीब 23 वर्ष, मूल बेगूसराय बिहार, हाल सेक्टर 70 नोएडा) शामिल हैं।
एडीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूछताछ में बड़े तस्करी नेटवर्क की जानकारी मिली है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति का हिस्सा है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि नशे की तस्करी या बिक्री की कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत थाना या पुलिस कंट्रोल रूम से संपर्क करें, ताकि एनसीआर क्षेत्र को नशामुक्त बनाया जा सके। यह घटना ओडिशा से एनसीआर में बढ़ती गांजा तस्करी की समस्या को उजागर करती है, जहां सस्ता माल लाकर युवाओं और स्थानीय बाजार में महंगे दामों पर बेचा जा रहा है।