उत्तराखंड के जोशीमठ में स्थित भगवान नरसिंह का प्राचीन मंदिर ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। कहा जाता है कि यह मंदिर लगभग 12 हजार साल पुराना है। पौराणिक मान्यताओं और स्थानीय लोककथाओं के अनुसार, इस मंदिर की स्थापना आदि गुरु शंकराचार्य द्वारा की गई थी। यह मंदिर विष्णु के चौथे अवतार भगवान नरसिंह को समर्पित है, लेकिन यहां उनका उग्र नहीं बल्कि शांत और सौम्य स्वरूप पूजनीय है। जोशीमठ स्थित यह मंदिर बद्रीनाथ धाम से जुड़ी एक गहरी आस्था का केंद्र भी है। जब सर्दियों में बर्फबारी के कारण बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद हो जाते हैं, तब भगवान बद्रीनाथ की गद्दी इसी नरसिंह मंदिर में लाई जाती है और यहीं उनकी पूजा की जाती है।
क्या है स्थानीय मान्यता
स्थानीय मान्यता के अनुसार, मंदिर की मूर्ति की एक भुजा धीरे-धीरे क्षीण होती जा रही है। कहा जाता है कि जिस दिन यह भुजा पूरी तरह टूट जाएगी, उस दिन जोशीमठ धंस जाएगा और अलकनंदा और धौलीगंगा नदियों का संगम विष्णुप्रयाग से ऊपर उठकर मंदिर तक पहुंच जाएगा। माना जाता है कि इसके बाद बद्रीनाथ धाम का मार्ग हमेशा के लिए बंद हो जाएगा और धर्म की पुनर्स्थापना के लिए नए मार्ग खुलेंगे।
भाव विभौर कर देती है मंदिर की बनावट
इस मंदिर की स्थापत्य कला भी दर्शनीय है। पत्थरों पर की गई नक्काशी और मंदिर की बनावट इसे वास्तुकला का अद्वितीय उदाहरण बनाती है। दूर-दराज से श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए आते हैं, विशेषकर सर्दियों में जब भगवान बद्रीनाथ का निवास यही मंदिर बन जाता है।यह मंदिर न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि इतिहास, वास्तुकला और लोकविश्वासों का अद्भुत संगम भी है।