तेलंगाना में गणेश विसर्जन के दौरान अलग-अलग हादसों में पुलिस सब-इंस्पेक्टर समेत 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हुए हैं। यह जानकारी तेलंगाना के डीजीपी सीवी आनंद ने दी। उन्होंने बताया कि पिछले 10 दिनों से चल रहे गणेश उत्सव के दौरान अलग-अलग जगहों पर हादसे हुए। इनमें साइबराबाद के पटनचेरू में छह लोगों की मौत भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक विसर्जन की प्रक्रिया शनिवार तक जारी रही।
पटनचेरू में छह लोगों की मौत
साइबराबाद के पटनचेरू इलाके में गणेश विसर्जन के दौरान छह छात्रों की मौत हुई थी। यह घटना 16 सितंबर को पेड्डा कांजेरला गांव के पास एक तालाब में हुई थी। पुलिस के अनुसार, छात्र गणेश प्रतिमा के विसर्जन के लिए तालाब पहुंचे थे। इस मामले में पुलिस ने ट्रस्ट के वार्डन को कथित लापरवाही के आरोप में गिरफ्तार किया था और जांच जारी है।
विसर्जन ड्यूटी पर तैनात SI की भी मौत
डीजीपी सीवी आनंद ने न्यू कोठागुडेम के सब-इंस्पेक्टर के. वेंकन्ना की मौत पर भी दुख जताया। वेंकन्ना गणेश विसर्जन की ड्यूटी के लिए हैदराबाद आए थे। रिपोर्ट के मुताबिक ड्यूटी के दौरान एक मोटरसाइकिल की टक्कर के बाद उनकी मौत हुई। इसके अलावा खैरताबाद और निर्मल में भी अलग-अलग घटनाओं में लोगों की जान गई। डीजीपी ने तेज आवाज वाले डीजे सिस्टम को लेकर भी चिंता जताई।
यह भी देखेंःचुनाव आयोग में सब बराबर, फिर सबसे ताकतवर कौन? जानिए मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्तों का पूरा गणित
इस साल 1.24 लाख मूर्तियों का रजिस्ट्रेशन
डीजीपी के मुताबिक इस साल तेलंगाना के गणेश पोर्टल पर करीब 1.24 लाख मूर्तियों का रजिस्ट्रेशन हुआ। पिछले साल यह संख्या करीब 1.15 लाख थी। पुलिस के अनुसार यह आंकड़ा मुख्य रूप से सार्वजनिक स्थानों पर स्थापित मूर्तियों का है। घरों, अपार्टमेंट और निजी परिसरों में स्थापित मूर्तियों को जोड़ने पर राज्य में कुल संख्या करीब 3.5 लाख से 4 लाख तक होने का अनुमान है।
88 हजार मूर्तियों का विसर्जन पूरा
डीजीपी ने बताया कि शुक्रवार सुबह तक तेलंगाना में करीब 88 हजार गणेश मूर्तियों का विसर्जन पूरा हो चुका था। हैदराबाद में विसर्जन व्यवस्था के लिए 25 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। पुलिस ने प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी, कमांड सेंटर, क्रेन और आपातकालीन सेवाओं की व्यवस्था की। कुछ इलाकों में धार्मिक कार्यक्रमों और बड़े जुलूसों के कारण विसर्जन में देरी हुई।