लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच राज्य सरकार ने गुरुवार रात 14 पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। प्रशासनिक फेरबदल में तीन अधिकारियों को मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) के पद पर तैनाती दी गई है। इसके अलावा कई जिलों में अपर जिलाधिकारी (एडीएम), उपजिलाधिकारी (एसडीएम) और अपर नगर आयुक्त के दायित्वों में बदलाव किया गया है।
शिव प्रताप शुक्ला को झांसी में एडीएम (प्रशासन) के पद से हटाकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में विशेष कार्याधिकारी बनाया गया है। सिद्धार्थनगर के एडीएम (वित्त एवं राजस्व) गौरव श्रीवास्तव और लखनऊ नगर निगम के अपर नगर आयुक्त अभिनव रंजन श्रीवास्तव को भी मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में विशेष कार्याधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
तबादला सूची के अनुसार, आजमगढ़ के एडीएम (प्रशासन) संजय चावला को झांसी भेजा गया है, जबकि रायबरेली के एडीएम (प्रशासन) सिद्धार्थ को आजमगढ़ में इसी पद पर तैनाती मिली है। गोंडा के एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता को रायबरेली का एडीएम (प्रशासन) बनाया गया है। लखनऊ नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त विकास सिंह को गोंडा में एसडीएम नियुक्त किया गया है।
प्रयागराज के अपर नगर आयुक्त राजीव कुमार शुक्ला को आजमगढ़ में एडीएम (वित्त एवं राजस्व) बनाया गया है। उन्नाव के एसडीएम देवेंद्र प्रताप सिंह को प्रयागराज का अपर नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है।
सिद्धार्थनगर के एडीएम (वित्त एवं राजस्व) संदीप कुमार श्रीवास्तव को इटावा में इसी श्रेणी का पद दिया गया है। जालौन के एसडीएम मनोज प्रकाश को इटावा का एडीएम (न्यायिक) बनाया गया है। लखनऊ के एसडीएम अंकित शुक्ला को कानपुर देहात का एडीएम (प्रशासन) नियुक्त किया गया है।
आजमगढ़ के एडीएम (वित्त एवं राजस्व) नरेंद्र सिंह को कानपुर देहात में एडीएम (न्यायिक) और प्रयागराज के एसडीएम आत्म प्रकाश श्रीवास्तव को सहारनपुर में एडीएम (न्यायिक) की जिम्मेदारी दी गई है।
तबादलों को आगामी विधानसभा चुनाव की प्रशासनिक तैयारियों के मद्देनजर अहम माना जा रहा है।