लखनऊ। प्रदेश सरकार ने शनिवार को प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 15 आईएएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। वरिष्ठ आईएएस अनुराग श्रीवास्तव को कृषि उत्पादन आयुक्त बनाया गया है, जबकि आलोक कुमार-2 को अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल को नागरिक उड्डयन विभाग के अपर मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
आदेश के अनुसार अनुराग श्रीवास्तव कृषि उत्पादन आयुक्त के साथ अपर मुख्य सचिव, नमामि गंगे, लघु सिंचाई एवं भूगर्भ जल तथा ग्रामीण पेयजल मिशन का दायित्व भी संभालेंगे। आलोक कुमार-2 अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त के साथ एनआरआई विभाग और पिकप के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार भी देखेंगे। प्रमुख सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक एम. देवराज को राज्य सतर्कता आयोग और प्रशासनाधिकरण-1 का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
डॉ. एमकेएस सुंदरम प्रमुख सचिव समन्वय और परियोजना निदेशक यूपीडास्प बनाए गए हैं। आलोक कुमार-3 को प्रमुख सचिव वित्त एवं संस्थागत वित्त का अतिरिक्त प्रभार मिला है। अजय चौहान मुख्य कार्यपालक अधिकारी, यूपीडा का अतिरिक्त दायित्व संभालेंगे। पंधारी यादव को बाढ़ सहायता परियोजना के प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
योगेश कुमार और अमित कुमार सिंह की तैनाती आपस में बदल दी गई है। योगेश कुमार पीसीडीएफ और अमित कुमार सिंह जल निगम ग्रामीण के प्रबंध निदेशक होंगे। कृष्ण कुमार को झांसी मंडल का आयुक्त बनाया गया है। चंद्रशेखर को प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना का मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। भूपेंद्र एस. चौधरी मानवाधिकार आयोग के सचिव, देवेंद्र सिंह कुशवाहा प्रशासनिक सुधार के विशेष सचिव और प्रवीण मिश्रा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के प्रबंध निदेशक बनाए गए हैं।