उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने पति पर कई महिलाओं से अफेयर का आरोप लगाया है. पीड़िता का कहना है कि शादी के 15 साल बाद भी उसके पति के कई महिलाओं से अवैध संबंध हैं. जब उसने विरोध किया, तो उसके साथ हैवानियत की सारी हदें पार कर दी गईं.
पकड़ा रंगेहाथ, तो पति ने दिखाया बर्बर चेहरा
25 मई को महिला ने अपने पति को उसकी गर्लफ्रेंड के साथ रंगेहाथ पकड़ लिया. जब उसने विरोध किया और पूछा कि ये सब कब तक चलेगा, तो पति आगबबूला हो गया. तीन बेटियों की मां ने पति को उसके कर्तव्यों की याद दिलाई, लेकिन नतीजा उल्टा निकला.
रिश्तेदार को बुलाया, तमंचे से धमकाया
महिला का आरोप है कि पति ने मुजफ्फरनगर से अपने रिश्तेदार को बुलाया, जो अपराधी प्रवृत्ति का है. उस रिश्तेदार ने महिला को तमंचे की नोंक पर धमकाया. डर के साए में जी रही महिला के साथ पति ने बर्बरता करते हुए उसका सिर तक मुंडवा दिया.
तीन तलाक देकर 2 साल की बेटी संग घर से निकाला
डर और धमकी के बीच पति ने महिला को तीन तलाक दे दिया और फिर 2 साल की मासूम बेटी के साथ उसे घर से बाहर निकाल दिया. महिला ने बताया कि उसने टीपीनगर थाने में शिकायत की, लेकिन यह कहकर लौटा दिया गया कि मामला लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र का है.
पुलिस पर लापरवाही का आरोप, SSP दफ्तर पहुंची महिला
लिसाड़ी गेट थाने में भी महिला की कोई सुनवाई नहीं हुई. आखिरकार थक-हारकर गुरुवार को वह एसएसपी कार्यालय पहुंची और शिकायती पत्र सौंपा. इसके बाद ही पुलिस हरकत में आई. महिला को इंसाफ की आस है, लेकिन सवाल उठता है – जब तक कोई मामला मीडिया या उच्च अधिकारियों तक न पहुंचे, तब तक पुलिस क्यों चुप रहती है?