National Voters Day: मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश श्री नवदीप रिणवा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में प्रदेशभर में 25 जनवरी 2026 को 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं। इस वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम माई इंडिया माई वोट निर्धारित की गई है, जिसके अनुरूप स्कूलों, शैक्षणिक संस्थानों एवं शासकीय कार्यालयों में विविध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी पत्र के अनुसार, स्कूलों एवं शैक्षणिक संस्थानों में वाद-विवाद, परिचर्चा, निबंध, चित्रकला, गीत, नाटक (स्किट) जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। साथ ही भारत निर्वाचन आयोग द्वारा उपलब्ध कराई गई हिन्दी एवं अंग्रेजी में राष्ट्रीय मतदाता शपथ विद्यार्थियों को दिलाई जाएगी, ताकि लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता को और सुदृढ़ किया जा सके।
11:00 बजे राष्ट्रीय मतदाता शपथ दिलाई जाए
इसके अतिरिक्त निर्देश दिए गए हैं कि राज्य के समस्त शासकीय कार्यालयों में कार्यरत अधिकारी एवं कर्मचारियों को 25 जनवरी को पूर्वाह्न 11:00 बजे राष्ट्रीय मतदाता शपथ दिलाई जाए। चूंकि 25 जनवरी को साप्ताहिक अवकाश है, इसलिए आयोग के निर्देशानुसार 24 जनवरी अथवा 23 जनवरी को भी शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं।
फोटो #NVD2026 हैशटैग के साथ अपलोड करने का आग्रह
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मतदान के महत्व को दर्शाने वाले आधिकारिक लोगो का उपयोग विभागीय स्टेशनरी, वेबसाइट, मर्चेंडाइज़ एवं अन्य माध्यमों पर करने के निर्देश भी दिए गए हैं। कार्यक्रमों एवं गतिविधियों के फोटोग्राफ्स को #NVD2026 हैशटैग के साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स अथवा वेबसाइट पर अपलोड करने का भी आग्रह किया गया है।
कार्यक्रमों का समयबद्ध एवं प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करें
समस्त अपर मुख्य सचिवों, प्रमुख सचिवों, सचिवों, मंडलायुक्तों, विभागाध्यक्षों एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों से अपेक्षा की गई है कि वे अपने-अपने अधीनस्थ कार्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के कार्यक्रमों का समयबद्ध एवं प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को मताधिकार के महत्व के प्रति जागरूक किया जा सके।