.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3Dfa16710f-f65a-44a6-87e3-a2ac2ed4d709&w=3840&q=75)
Shubhanshu Shukla: संसद के मानसून सत्र का 18वां दिन भी हंगामे और चर्चाओं के बीच गुजरा। सोमवार (18 अगस्त 2025) को लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही विपक्ष के विरोध और शोरगुल के चलते बार-बार बाधित हुई। राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई, जब उपसभापति ने नियम 267 के तहत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के लिए प्राप्त 19 नोटिसों को खारिज कर दिया। इसके विरोध में विपक्षी दलों ने जोरदार हंगामा किया और अंततः सदन से वॉकआउट कर लिया। इसी तरह, लोकसभा में भी विपक्षी सदस्यों के शोरशराबे के कारण प्रश्नकाल संचालित नहीं हो सका और कार्यवाही दोपहर तक स्थगित कर दी गई।
शुभांशु शुक्ला के मिशन पर होगी चर्चा
लोकसभा के एजेंडे में सोमवार को भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला के अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) मिशन और 2047 तक विकसित भारत के विजन में अंतरिक्ष कार्यक्रम की भूमिका पर विशेष चर्चा तय की गई है। सरकार का कहना है कि यह चर्चा देश के वैज्ञानिक योगदान और आने वाले दशकों में अंतरिक्ष तकनीक की अहमियत को रेखांकित करेगी। विपक्ष ने हालांकि आरोप लगाया कि बिहार से जुड़े मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण पर बहस की उनकी मांग को लगातार अनसुना किया जा रहा है, जिससे वे नाराज हैं।
यह भी पढ़ेंःNeha Dhupia weight loss: नेहा धूपिया का कमाल, दो बच्चों की मां बनने के बाद घटाया 23 किलो वजन
महाभियोग प्रस्ताव और नए विधेयक
इस बीच, इंडिया ब्लॉक दलों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने पर विचार करना शुरू कर दिया है। विपक्षी नेताओं की बैठक में इस पर सहमति बनी है। इसके अलावा, लोकसभा में केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल सोमवार को जन विश्वास (संशोधन) विधेयक, 2025 पेश करेंगे। इस विधेयक का उद्देश्य छोटे अपराधों को अपराध की श्रेणी से बाहर कर व्यापार और जीवन को सरल बनाना है। उल्लेखनीय है कि संसद की कार्यवाही को पिछले हफ्ते 12 अगस्त को लगभग एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया गया था, और आज से सत्र पुनः आरंभ हुआ है।