Noida School Bomb Threat: शुक्रवार सुबह नोएडा के 20 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिससे हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और अभिभावकों को तुरंत अलर्ट किया गया। अभिभावकों के पहुंचते ही बच्चों को सुरक्षित घर भेज दिया गया।
तलाशी अभियान
पुलिस डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते के साथ स्कूलों में पहुंची। सभी स्कूलों में छुट्टी कराकर परिसर खाली कराया गया और करीब एक घंटे तक चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। जांच में यह धमकी फर्जी साबित हुई।
प्रभावित स्कूल
जिन स्कूलों को धमकी मिली उनमें फादर एंगल स्कूल, आर्मी पब्लिक स्कूल, शिव नादर पब्लिक स्कूल, श्री राम मिलेनियम स्कूल और रामाज्ञा स्कूल शामिल हैं। एहतियातन स्कूलों के बाहर अतिरिक्त सुरक्षा कर्मी तैनात कर दिए गए हैं। प्रवेश से पहले पूछताछ की जा रही है।
धमकी भरा मेल
अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि सुबह 8 से 8:30 बजे के बीच प्रिंसिपल को धमकी भरा मेल मिला था। सूचना मिलते ही अलग-अलग थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। बम स्क्वाड, फायर ब्रिगेड और डॉग स्क्वाड ने तलाशी अभियान चलाया।
साइबर थाने में केस दर्ज
पुलिस ने बताया कि धमकी भरा मेल भेजने के मामले में साइबर पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। साइबर टीम ई-मेल की जांच कर रही है और मेल भेजने वाले का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने कहा कि आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
पहले भी मिल चुकी धमकी
इससे पहले भी नोएडा में दो बार शिव नादर समेत अन्य स्कूलों को बम धमकी मिल चुकी है। उस समय भी तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी और सूचना फर्जी निकली थी। पुलिस ने स्कूलों से अपील की है कि ऐसी किसी भी सूचना को नजरअंदाज न करें और तुरंत पुलिस को सूचित करें।