2027 ODI World Cup Tickets : 2027 वनडे वर्ल्ड कप को लेकर दुनिया भर के क्रिकेट प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। टूर्नामेंट शुरू होने में अभी करीब एक साल का समय है, लेकिन टिकटों की मांग ने अभी से सबका ध्यान खींच लिया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद यानी आईसीसी के मुताबिक, टिकट के लिए आवेदन शुरू होने के शुरुआती 12 दिनों में ही 1,50,83,752 आवेदन मिल चुके हैं। यह आंकड़ा बताता है कि क्रिकेट के सबसे बड़े मुकाबलों को देखने के लिए फैंस कितने उत्साहित हैं।
142 देशों के प्रशंसकों ने कराया पंजीकरण
आईसीसी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, अब तक 142 देशों के क्रिकेट प्रशंसकों ने टिकट बैलेट के लिए पंजीकरण कराया है। कुल 44,23,417 बैलेट पंजीकरण दर्ज किए गए हैं। टिकटों की मांग इतनी तेजी से बढ़ी कि आवेदन शुरू होने के बाद शुरुआती दिनों में इनकी संख्या करीब 10 लाख थी, जो 12 दिनों के भीतर डेढ़ करोड़ से ज्यादा हो गई। इससे टूर्नामेंट को लेकर दुनिया भर में बनी दिलचस्पी का अंदाजा लगाया जा सकता है।
तीन देशों में खेला जाएगा वर्ल्ड कप
2027 वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया संयुक्त रूप से करेंगे। इस बार अफ्रीका में बड़े स्तर पर क्रिकेट का आयोजन होने जा रहा है। दुनिया भर के प्रशंसकों को तीनों देशों में होने वाले मुकाबलों के लिए टिकट पाने का मौका मिलेगा। आईसीसी के मुताबिक, टिकट के लिए आवेदन करना फिलहाल मुफ्त है। ऐसे में प्रशंसक अपनी पसंद के मैचों के लिए पहले से रुचि दर्ज करा सकते हैं।
एक मैच के लिए चार टिकटों तक आवेदन
टिकट बैलेट की प्रक्रिया में प्रशंसक अपनी पसंद के कई मैचों के लिए आवेदन कर सकते हैं। हर मैच के लिए आवेदन को अलग एंट्री माना जाएगा। एक मैच के लिए अधिकतम चार टिकट मांगे जा सकते हैं। प्रशंसक अपनी पसंद के टिकट भी चुन सकते हैं। हालांकि, आवेदन करने का मतलब टिकट मिलना तय होना नहीं है। जिन लोगों के आवेदन चुने जाएंगे, उनसे ईमेल के जरिए संपर्क किया जाएगा। इसके बाद टिकट की पुष्टि करने के लिए तय समय सीमा दी जाएगी।
आवेदन के समय से नहीं पड़ेगा फर्क
आईसीसी के मुताबिक, 1 अक्टूबर से 21 नवंबर 2026 के बीच आने वाले आवेदनों पर समान रूप से विचार किया जाएगा। यानी आवेदन शुरू होते ही पंजीकरण करने वालों को केवल समय के आधार पर प्राथमिकता नहीं मिलेगी। टिकट पाने के लिए बैलेट प्रक्रिया में आवेदन चुना जाना जरूरी होगा। इसलिए प्रशंसकों को आवेदन से जुड़ी शर्तों और ईमेल पर मिलने वाली जानकारी का ध्यान रखना चाहिए। टिकट के लिए आवेदन करने से पहले आधिकारिक नियमों को पढ़ना भी जरूरी है।
इसे भी पढे़ं : रियाद में मिसाइल हमले से मचा हड़कंप, रोनाल्डो का मैच एक घंटे रुका; फिर दागा गोल
आईसीसी ने क्या बताया?
आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजोग गुप्ता ने टिकटों की भारी मांग पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि यह मांग क्रिकेट वर्ल्ड कप की लोकप्रियता, अफ्रीका के पर्यटन आकर्षण और टूर्नामेंट से पहले आईसीसी तथा उसके साझेदारों की प्रचार गतिविधियों से पैदा हुए उत्साह को दिखाती है। अब टिकटों के लिए बड़ी संख्या में आवेदन आने के बाद प्रशंसकों की नजर चयन प्रक्रिया पर रहेगी। 2027 वर्ल्ड कप में किन टीमों के मुकाबलों की सबसे ज्यादा मांग रहती है, यह भी आगे देखने वाली बात होगी।