.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3D9df9afa0-d76b-42dc-b268-1e0010a816b2&w=3840&q=75)
UP Assembly: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार बुधवार को विधानसभा में एक अनोखा रिकॉर्ड बनाने जा रही है। 13 अगस्त को सुबह 11 बजे से 14 अगस्त की सुबह 11 बजे तक बिना किसी ब्रेक के 24 घंटे विशेष सत्र चलेगा। इसे यूपी 2047 विजन डॉक्यूमेंट नाम दिया गया है। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विधानसभा में चर्चा की शुरुआत करेंगे, जबकि विधान परिषद में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य अपनी बात रखेंगे। चर्चा का मकसद 2047 तक उत्तर प्रदेश के विकास की रूपरेखा और संभावित उपलब्धियों पर विचार करना है। इस लंबे सत्र को सुचारु रूप से चलाने के लिए मंत्रियों की शिफ्टवार ड्यूटी तय की गई है।
शिफ्टवार ड्यूटी, तड़के 3 से 6 बजे तक 8 मंत्री रहेंगे मौजूद
योगी सरकार ने 28 मंत्रियों का रोस्टर जारी किया है, जिसमें अलग-अलग समय पर उनकी मौजूदगी अनिवार्य की गई है। सबसे ज्यादा 8 मंत्री तड़के 3 बजे से सुबह 6 बजे के बीच सदन में रहेंगे। मंत्रियों की ड्यूटी ज्यादातर 3-3 घंटे की शिफ्ट में होगी, जबकि एक शिफ्ट दो घंटे की रहेगी। इनमें लक्ष्मी नारायण चौधरी, राकेश सचान, नितिन अग्रवाल, विजय लक्ष्मी गौतम, योगेन्द्र उपाध्याय, कपिल देव अग्रवाल, सतीश चन्द्र शर्मा, अनिल कुमार, दयाशंकर सिंह, बृजेश सिंह, अनिल राजभर, गिरीश चन्द्र यादव, बलदेव सिंह औलख, दिनेश खटिक, संजीव गोंड, रामकेश निषाद, मनोहर लाल ‘मन्नू कोरी’, के.पी. मलिक, जयवीर सिंह, नन्द गोपाल गुप्ता, संदीप सिंह, रवीन्द्र जायसवाल, सोमेन्द्र तोमर, सूर्य प्रताप शाही, संजय सिंह निषाद, गुलाब देवी और रजनी तिवारी शामिल हैं।
यह भी पढ़ेंःDausa accident: खाटू श्याम दर्शन से लौट रहे 11 श्रद्धालुओं की मौत, 7 बच्चे शामिल
विपक्ष ने साधा निशाना, बताया सिर्फ दिखावा
जहां योगी सरकार इसे ऐतिहासिक पहल बता रही है, वहीं विपक्ष ने इसे महज दिखावा करार दिया है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव ने कहा कि बीजेपी सरकार केवल सुर्खियां बटोरना जानती है। वहीं कमाल अख्तर का कहना है कि बीजेपी के काम सिर्फ वादे करने और झूठ बोलने तक सीमित हैं। विपक्ष का आरोप है कि जनता से जुड़े असली मुद्दों पर सरकार गंभीर नहीं है और ऐसे कार्यक्रम केवल प्रचार के लिए किए जा रहे हैं।