मिडिल ईस्ट संघर्ष के बीच कतर एयरवेज की ओर से भारत के विभिन्न शहरों के लिए उड़ानों की संख्या में बढ़ोतरी से काफी राहत हुई है। बुधवार को संचालित उड़ानों के जरिए बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक अपने देश लौटे। कतर स्थित भारतीय दूतावास लगातार लोगों की सहायता के लिए सक्रिय है और सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील भी कर रहा है।
अलग-अलग शहरों के लिए नौ उड़ानें संचालित
कतर स्थित भारतीय दूतावास की ओर से जारी एडवाइजरी के अनुसार, कतर एयरवेज ने बुधवार को भारत के अलग-अलग शहरों के लिए नौ उड़ानें संचालित कीं। कुल मिलाकर बुधवार को कतर एयरवेज की उड़ानों से लगभग 2600 भारतीय नागरिकों ने यात्रा की। जैसा कि कतर एयरवेज ने पहले बताया था, फ्लाइट टिकट की बुकिंग कतर एयरवेज की वेबसाइट, ऐप या ट्रैवल एजेंटों के जरिए की जा सकती है।
हेल्पलाइन और ईमेल चालू
दूतावास की ओर से बताया गया कि जैसे-जैसे कतर से भारत के अलग-अलग शहरों के लिए ज्यादा उड़ानें उपलब्ध हुई हैं, कंट्रोल रूम में आने वाले फोन कॉल और ईमेल से पूछे जाने वाले सवालों की संख्या में लगातार कमी आई है। फिर भी, दूतावास लोगों के सवालों और चिंताओं को दूर करने के लिए अपने कंट्रोल रूम को हेल्पलाइन और ईमेल के जरिए 24X7 आधार पर चालू रखे हुए है।
एडवाइजरी का पूरी तरह से पालन करें
उन्होंने दूतावास भारतीय समुदाय से आग्रह करते हुए कहा कि वे कतर के अधिकारियों की ओर से जारी किए गए दिशा-निर्देशों और एडवाइजरी का पूरी तरह से पालन करें। सभी को सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करते समय, जिनमें शादियां और शोक सभाएं शामिल हैं, एहतियाती उपायों का पालन करना चाहिए। अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया है कि ऐसे कार्यक्रम केवल इनडोर हॉल और बंद जगहों पर ही आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि लोगों की सुरक्षा को होने वाले संभावित जोखिमों से बचाया जा सके।