₹350 Monthly Toll Pass : राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने टोल प्लाजा के आसपास रहने वाले लोगों के लिए लोकल पास सुविधा को पूरी तरह डिजिटल बना दिया है। अब पात्र वाहन मालिक केवल 350 रुपये में मासिक लोकल पास बनवा सकते हैं और निर्धारित टोल प्लाजा से पूरे महीने असीमित आवाजाही कर सकते हैं। नई व्यवस्था के तहत लोगों को अब टोल प्लाजा पर जाकर फॉर्म भरने या दस्तावेज जमा करने की जरूरत नहीं होगी।
किन लोगों को मिलेगा लाभ?
यह सुविधा उन लोगों के लिए शुरू की गई है, जिनका निवास किसी पात्र टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में है। ऐसे स्थानीय निवासी अपनी निजी गाड़ियों के लिए लोकल पास बनवा सकते हैं। इससे रोजाना काम पर जाने वाले कर्मचारी, व्यापारी, विद्यार्थी और नियमित सफर करने वाले लोगों को बार-बार टोल शुल्क देने से राहत मिलेगी। 350 रुपये का यह मासिक पास पूरे महीने के लिए मान्य रहेगा।
ऑनलाइन होगी पूरी प्रक्रिया
NHAI ने लोकल पास आवेदन प्रक्रिया को Rajmargyatra मोबाइल ऐप से जोड़ दिया है। इच्छुक वाहन मालिक मोबाइल ऐप के जरिए घर बैठे आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के दौरान सिस्टम वाहन और आवेदक की जानकारी को डिजिटल तरीके से सत्यापित करेगा। इससे प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक आसान और तेज हो गई है।
ये भी पढ़ें : 185 करोड़ की टैक्स चोरी का भंडाफोड़! आधी रात छापेमारी में पान मसाला कारोबारी गिरफ्तार
ऐसे होगा सत्यापन
लोकल पास जारी करने से पहले डिजिटल सिस्टम कई महत्वपूर्ण जानकारियों की जांच करेगा। इसमें आवेदक का पता, वाहन का पंजीकरण विवरण, FASTag की जानकारी और टोल प्लाजा से दूरी शामिल है। DigiLocker और VAHAN जैसे सरकारी प्लेटफॉर्म के जरिए दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। साथ ही GIS तकनीक की मदद से यह भी जांच होगी कि आवेदक वास्तव में टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर की निर्धारित सीमा के भीतर रहता है या नहीं।
किन दस्तावेजों की होगी जांच?
आवेदन के दौरान मुख्य रूप से आवेदक के पते का सत्यापन, वाहन का रजिस्ट्रेशन, FASTag से जुड़ी जानकारी और लोकेशन डेटा की जांच की जाएगी। NHAI का कहना है कि डिजिटल व्यवस्था लागू होने से मैनुअल जांच और कागजी दस्तावेजों की आवश्यकता काफी कम हो जाएगी। इससे आवेदन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बनेगी।
121 टोल प्लाजा पर शुरू हुई सुविधा
फिलहाल NHAI ने देशभर के 121 टोल प्लाजा पर यह डिजिटल लोकल पास सुविधा लागू कर दी है। पात्र टोल प्लाजाओं की सूची Rajmargyatra ऐप और पोर्टल पर उपलब्ध है। प्राधिकरण के अनुसार आने वाले समय में इस सुविधा का विस्तार और अधिक टोल प्लाजाओं तक किया जाएगा। ऐसे में टोल प्लाजा के आसपास रहने वाले हजारों लोगों को इस योजना का सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है।