.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3D8a9cab8a-9dad-43a3-ace5-52ed890b14dc&w=3840&q=75)
SSC Exam 2025 Protest: कर्मचारी चयन आयोग (SSC) के खिलाफ महाआंदोलन के बैनर तले हजारों छात्रों और शिक्षकों ने दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को सुबह 10 बजे से प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने 44 छात्रों को हिरासत में लिया था, जिन्हें अब छोड़ दिया गया है। वहीं, पुलिस ने एसएससी छात्रों को शाम 5 बजे तक विरोध प्रदर्शन की अनुमति दी थी, लेकिन इसके बाद भी कुछ प्रदर्शनकारियों ने प्रदर्शन जारी रखा था।
1500 प्रदर्शनकारी हुए थे शामिल
बता दें कि करीब 1500 प्रदर्शनकारियों ने रामलीला मैदान में प्रदर्शन किया, जिनमें से अधिकांश लोग निर्धारित समय के बाद चले गए। पुलिस ने एसएससी छात्रों को शाम 5 बजे तक विरोध प्रदर्शन की अनुमति दी थी। लेकिन फिर भी करीब 100 छात्र रामलीला मैदान में रुक गए और प्रदर्शन जारी रखा। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इन प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि पहले वहां की बिजली काटी गई और उसके बाद छात्रों को हटाने की कोशिश की गई। लेकिन जब वे नहीं माने तो इनमें से 44 लोगों को हिरासत में ले लिया गया। बाकी प्रदर्शनकारी बाद में चले गए।
रामलीला मैदान में जवानों को किया गया तैनात
छात्रों का आरोप है कि दिल्ली पुलिस ने उनके साथ बहस की और उन पर लाठी चार्ज भी किया। वहीं, डीसीपी सेंट्रल दिल्ली निधिन वाल्सन के मुताबिक, 44 छात्रों को हिरासत में लिया गया जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया। फिलहाल रामलीला मैदान में अब किसी भी छात्र को इकट्ठा होने की परमिशन नहीं है और रामलीला मैदान में बड़ी संख्या में दिल्ली पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है।
क्या हई थी परीक्षा में गड़बड़ी?
आपको बता दें कि अगस्त के पहले सप्ताह में भी जंतर-मंतर पर इसी तरह का प्रदर्शन हुआ था। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि आयोग की परीक्षाओं में लगातार अनियमितताएं हो रही हैं, जिससे छात्रों का भविष्य खतरे में है। अभ्यर्थियों का आरोप है कि सिलेक्शन पोस्ट 13 की परीक्षा में अचानक सर्वर क्रैश हो गया और सिस्टम ठीक से काम नहीं कर रहे थे। वहीं परीक्षार्थियों के घरों से 500 किलोमीटर दूर केंद्र आवंटित करने के कारण बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ा। अभ्यर्थियों की मांग यह भी है कि केंद्र का आवंटन घर से ज्यादा नहीं दूर किया जाए।