
Noida Ramlila: नवरात्रि की धूम में डूबे नोएडा के सेक्टर 62 में श्री राम मित्र मंडल द्वारा आयोजित रामलीला का मंचन एक बार फिर भक्ति और सांस्कृतिक उत्साह का प्रतीक बनेगा। इस वर्ष विशेष आकर्षण होगा मुरादाबाद की प्रसिद्ध शिव कला लोक कल्याण समिति की रामलीला मंडली का, जो 40 से 45 कलाकारों के साथ 22 सितंबर से रामायण की अमर कथा को जीवंत करेगी। यह समिति, जो उत्तर प्रदेश के सांस्कृतिक परंपराओं को संजोए रखने के लिए जानी जाती है, अपनी 25 वर्षों से अधिक की रामलीला यात्रा के साथ नोएडा के दर्शकों को मंत्रमुग्ध करने को तैयार है।
इसी साल रेलवे से हुए सेवानिवृत्त
रामलीला के निर्देशक आलोक राठौर मंच के इर्द गिर्द कलाकारों को निर्देशित करने के साथ इस बार केवट की भूमिका में नजर आएंगे, जो राम के वनवास के दौरान नदी पार कराने वाले नाविक की भावुक कहानी को जीवंत बनाएंगे। मंडली के सबसे वरिष्ठ कलाकार नरेंद्र कुमार, जो रेलवे में 36 वर्षों की सेवा के बाद इसी वर्ष 2025 में सेवानिवृत्त हुए हैं, चार महत्वपूर्ण भूमिकाओं शंकर, रावण, परशुराम और दशरथ में दमदार अभिनय करेंगे।
25 साल से निभा रहे रावण का किरदार
वरिष्ठ कलाकार नरेंद्र कुमार ने बताया, "मैं 25 साल से रावण का किरदार निभा रहा हूं। यह भूमिका न केवल चुनौतीपूर्ण है, बल्कि रामायण के नैतिक संदेशों को समझाने का माध्यम भी। रिटायरमेंट के बाद अब पूरी तरह रामलीला को समर्पित हूं।" उनकी अनुभवी उपस्थिति मंडली को एक नई ऊर्जा प्रदान करेगी। मंडली में सबसे जूनियर कलाकार मोहित वोहरा लक्ष्मण की भूमिका में होंगे, जो मुरादाबाद में ही सेल परचेज का काम करते हैं। मोहित की ऊर्जा और उत्साह युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगा।
भक्ति में डूबा हुआ दिखेगा परिवार
वहीं, राम की भूमिका निभाने वाले मनोज रावत देहरादून की एक कंपनी में इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं। वे हर वर्ष रामलीला के मंचन के लिए विशेष छुट्टी लेकर आते हैं, जो उनके समर्पण को दर्शाता है। सीता की भूमिका में ग्रेजुएशन की छात्रा माधुरी राघव नजर आएंगी, जो अपनी नाजुक अभिनय शैली से दर्शकों को प्रभावित करेंगी। इस रामलीला की एक खास बात प्रमोद भटनागर के परिवार की भागीदारी है। पूरे परिवार के चार सदस्य मंच पर महत्वपूर्ण भूमिकाओं में होंगे—प्रमोद जी अंगद और नारद का किरदार निभाएंगे, उनकी पत्नी कैकेयी और मंदोदरी की भूमिका में, बेटा हनुमान के रूप में उछल-कूद मचाएगा, और बेटी लक्ष्मी की भूमिका में चमकेगी। यह पारिवारिक एकजुटता रामलीला की भावना को और मजबूत बनाएगी, जहां पूरा परिवार भक्ति में डूबा हुआ दिखेगा।
6 फीट ऊंचा मंच किया गया तैयार
श्री राम मित्र मंडल रामलीला समिति के अध्यक्ष धर्मपाल गोयल ने बताया, "इस बार रामलीला के लिए 6 फीट ऊंचा विशेष मंच तैयार किया जा रहा है। विभिन्न आकर्षक झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी, जो दर्शकों को रामायण की दुनिया में ले जाएंगी। सेक्टर 62, खोड़ा कॉलोनी, इंदिरापुरम और आसपास के तीन दर्जन अपार्टमेंटों से जुड़े लोग बड़ी संख्या में रामलीला देखने आते हैं।" मंडली के महासचिव डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने जोड़ा, "रामलीला में मेघनाथ, कुंभकर्ण और रावण के पुतले 60 से 75 फीट ऊंचे होंगे, जो दशहरा के दिन जलाए जाने पर एक भव्य दृश्य प्रस्तुत करेंगे। मुरादाबाद की शिव कला लोक कल्याण समिति के कलाकारों के माध्यम से रामायण का संदेश नोएडा के निवासियों तक पहुंचेगा, जो भक्ति, त्याग और धर्म की विजय की कहानी को फिर से जीवंत करेगा। दर्शक 22 सितंबर से शुरू होने वाले इस मंचन का इंतजार कर रहे हैं, जहां राम का आदर्श जीवन सबके सामने होगा।