Muzaffarnagar News: जनपद के ब्लॉक बुढ़ाना क्षेत्र के गांव हबीबपुर सीकरी में रविवार को मकार की दीवारों और छत भरभराक पर गिरने से बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच गंभीर घायल हो गए। बताया जाता है कि बुधवार को आई मूसलाधार बारिश जानलेवा साबित हुई। बारिश के कारण बतान टपकने लगा था और रविवार को कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। मृतकों में 4 मासूम बच्चे शामिल हैं। हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है।
क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार रविवार 19 जुलाई की रात करीब 8 बजे गांव निवासी इस्लाम कस्सार पुत्र नान्नू का पूरा परिवार खाना खा रहा था। इसी दौरान तेज बारिश शुरू हो गई। पहले मकान की साइड वाली दीवार भरभराकर गिरी और कुछ ही देर में पूरी छत भी ढह गई। मलबे में इस्लाम और उसके 4 बच्चे दब गए। मृतक इस्लाम मकान मालिक, उसके चार बच्चे आहत 5 वर्ष, रुखसार 14 वर्ष, अलशिफा 7 वर्ष व जीशान 2 वर्ष जबकि घायल सुमेय्या 8 वर्ष और रुकेय्या 6 वर्ष व अन्य 3 बच्चे हैं।
घायलों को मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया गया
मकान गिरने की आवाज और चीख-पुकार सुनकर मौके पर सैकड़ों ग्रामीण जमा हो गए। लोगों ने अपने स्तर पर मलबा हटाना शुरू किया। सूचना पर पुलिस और जेसीबी मशीन मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला गया। घायलों को तुरंत बुढ़ाना सीएचसी ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने 5 लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं 5 घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया गया है।
पूरे गांव में शोक का माहौल
हादसे की सूचना मिलते ही फुगाना सीओ नरेंद्र यादव, बुढ़ाना सीओ गजेंद्र पाल सिंह, एसपी देहात अक्षय संजय महाडिक, एसडीएम सत्येंद्र कुमार, तहसीलदार महेंद्र सिंह यादव, बुढ़ाना कोतवाल सुभाष बाबू अत्री, फुगाना थानाध्यक्ष और नायब तहसीलदार अमन सिंह मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कराया है। एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। हर आंख नम है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने सरकार से मृतकों के परिजनों को आर्थिक मदद और घायलों के समुचित इलाज की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।