बस दो दिन बाद यूपी को एक और वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिलने जा रही है।इससे पूर्वांचल से बिहार तक का सफर और आसान होने वाला है। लंबे समय से इस ट्रेन की मांग की जा रही थी जो अब जाकर पूरी हुई। पूर्वांचल और बिहार के यात्रियों के लिए खुशखबरी है। गोरखपुर से पाटलिपुत्र (पटना) के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की शुरुआत होने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून को इस नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इस रूट पर वंदे भारत ट्रेन शुरू होने से दोनों राज्यों के बीच यात्रा न केवल तेज होगी बल्कि ज्यादा आरामदायक भी हो जाएगी।
रेलवे ने शुरू की तैयारियां
रेलवे बोर्ड ने ट्रेन के संचालन की पूरी योजना तैयार कर ली है। गोरखपुर रेलवे यार्ड में वंदे भारत का रैक पहुंच चुका है, जिसे ट्रायल के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। ट्रायल सफल होने के बाद ट्रेन का नियमित संचालन शुरू कर दिया जाएगा। गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर सभी तैयारियां जोरों पर हैं।
ट्रेन का शेड्यूल और स्टॉपेज
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो वंदे भारत ट्रेन सुबह 6 बजकर 30 मिनट पर गोरखपुर से रवाना होगी। पाटलिपुत्र जंक्शन पर यह ट्रेन 1 बजकर 30 मिनट पर पहुंचेगी। यानी गोरखपुर से पटना तक का सफर 7 घंटे में पूरा हो जाएगा। वहीं वापसी में इसका रवाना होने का समय पाटलिपुत्र से दोपहर 2 बजकर 25 मिनट है। जो गोरखपुर रात 9 बजकर 35 मिनट पर पहुंचेगी।