उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। थाना टीला मोड़ क्षेत्र के भारत सिटी में तीन नाबालिग सगी बहनों ने नौवीं मंज़िल से कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, तीनों बहनें ऑनलाइन गेम की गंभीर लत में थीं। बताया जा रहा है कि परिवार द्वारा गेम खेलने से मना किए जाने के बाद उन्होंने यह बेहद कठोर कदम उठा लिया। मृतक बहनों की उम्र 16, 14 और 12 वर्ष बताई गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
टास्क-बेस्ड कोरियन लवर ऑनलाइन गेम
जानकारी के मुताबिक, तीनों बहनें टास्क-बेस्ड कोरियन लवर ऑनलाइन गेम खेलती थीं। मृतक लड़कियों के नाम निशिका (16 वर्ष), प्राची (14 वर्ष) और पाखी (12 वर्ष) हैं। उनके पिता चेतन कुमार हैं, जो इस घटना के बाद से गहरे सदमे में हैं। बताया गया है कि कोरोना काल के दौरान तीनों को मोबाइल गेम की लत लगी थी। वे लगातार टारगेट आधारित गेम खेलती थीं। पुलिस का कहना है कि इसी वजह से उनका स्कूल जाना भी नियमित नहीं रह गया था।
गेम का आख़िरी स्टेज था खुद को खत्म करने का टास्क
पुलिस के मुताबिक, सोसायटी के बी-1 टावर की नौवीं मंज़िल से कूदकर तीनों सगी बहनों ने अपनी जान दे दी। जांच में सामने आया है कि यह कदम उन्हें ऑनलाइन गेम के तहत मिले टास्क का हिस्सा था। परिवार वालों के अनुसार, तीनों लड़कियां करीब एक साल से यह गेम खेल रही थीं। गेम के अंतिम चरण में निर्देश था कि घरवालों से आख़िरी बार मिलना, सभी के साथ फोटो लेना, फिर खुद को एक कमरे में बंद करना और उसके बाद आत्महत्या करना।
अकेलेपन से शुरू होता था पहला टास्क
कोरियन ऑनलाइन गेम के कारण तीन मासूम जानें जाने का यह मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि इस गेम का एडमिनिस्ट्रेटर खुद को राजा परिवार से जुड़ा बताता था और खिलाड़ियों को लगातार टास्क देता था। गेम का पहला टास्क परिवार से बातचीत बंद करने और खुद को पूरी तरह अलग-थलग करने से जुड़ा होता था। दूसरा टास्क तब पूरा माना जाता था जब परिवार मोबाइल ले ले और खिलाड़ी रोना-धोना करे, खाना छोड़ दे। गेम के अंत में एक नोट लिखने का भी निर्देश होता था, जो सबसे ज्यादा प्यार करने वाले मम्मी या पापा के लिए होता था। नोट में लिखा होता था— “सॉरी मम्मी या पापा, जब हम सुसाइड करते हैं तो हमारी अपनी एक अलग दुनिया बनती है।” अंतिम लक्ष्य पूरा करने के बाद आत्महत्या करना गेम का आख़िरी टास्क बताया गया है।
सुसाइड नोट में लिखा मिला— ‘सॉरी मम्मी-पापा’
पुलिस को घटनास्थल से एक पेज का सुसाइड नोट भी मिला है, जिस पर “मम्मी-पापा सॉरी” लिखा हुआ है। इसके अलावा, तीनों बहनों के कमरे में कोरियन ऑनलाइन गेम के पैटर्न के अनुसार कई फोटोग्राफ ज़मीन पर बिखरे हुए पाए गए हैं। पुलिस को शुरुआती जांच में यह मामला गेम का आख़िरी गोल पूरा करने के बाद आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।