
ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितम्बर तक आयोजित होने जा रहे तीसरे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में 2500 से अधिक प्रदर्शक भाग लेंगे, जिनमें राज्य के विभिन्न जिलों के उद्यमी, हस्तशिल्पकार, स्टार्टअप्स और औद्योगिक इकाइयाँ शामिल हैं। इसके अलावा, 500 से अधिक विदेशी खरीदारों की भागीदारी इस ट्रेड शो को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान दिलाएगी। रूस के अलावा अन्य देशों के प्रतिनिधि भी इस आयोजन में शामिल होंगे, जिससे उत्तर प्रदेश के उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
आकर्षण खादी केंद्रित फैशन शो होगा
(UPITS-2025) में इस बार रूस को पार्टनर कंट्री के रूप में शामिल किया गया है। यह आयोजन न केवल व्यापारिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है, बल्कि उत्तर प्रदेश की पारंपरिक और आधुनिक पहचान को एक साथ प्रस्तुत करने का भी अवसर है। ट्रेड शो का एक विशेष आकर्षण खादी केंद्रित फैशन शो होगा, जिसमें पारंपरिक खादी को आधुनिक फैशन के साथ प्रस्तुत किया जाएगा। यह पहल न केवल खादी को युवाओं के बीच लोकप्रिय बनाएगी, बल्कि इसे अंतरराष्ट्रीय फैशन उद्योग में भी पहचान दिलाएगी।
अंतरराष्ट्रीय ब्रांडिंग पर विशेष जोर रहेगा
इसके साथ ही राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना "वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट" (ODOP) के तहत तैयार किए गए उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय ब्रांडिंग पर विशेष जोर रहेगा। हर जिले के विशिष्ट उत्पादों को वैश्विक खरीदारों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे स्थानीय कारीगरों और लघु उद्योगों को सीधा लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आयोजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रतिभागियों और आगंतुकों की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्थापन में कोई कमी न रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस ट्रेड शो का उद्घाटन करेंगे, जिससे आयोजन को राष्ट्रीय स्तर पर भी विशेष महत्व मिलेगा।