20 जून से टीम इंडिया इंग्लैंड के खिलाफ 5 टेस्ट मैचों की अहम सीरीज खेलने जा रही है. टीम का ऐलान हो चुका है और इसमें कई ऐसे चेहरे शामिल हैं जो अभी आईपीएल 2025 में बुरी तरह फ्लॉप रहे हैं. हालांकि टी20 और टेस्ट दो अलग फॉर्मेट हैं, लेकिन मौजूदा फॉर्म का असर मनोबल और प्रदर्शन पर जरूर पड़ता है.
वाइस कैप्टन पंत का फीका प्रदर्शन
टीम इंडिया के उपकप्तान बनाए गए ऋषभ पंत ने IPL 2025 में बेहद खराब प्रदर्शन किया है. 13 मैचों में सिर्फ 153 रन बनाकर वह 13.72 की औसत से संघर्ष करते नजर आए. उनकी टीम लखनऊ सुपर जायंट्स पहले ही चरण से बाहर हो गई. ऐसे में उनके टेस्ट फॉर्म को लेकर सवाल उठना लाज़मी है.
नीतीश रेड्डी का फीका IPL, टेस्ट में अब तक ठीक-ठाक
सनराइजर्स हैदराबाद के ऑलराउंडर नीतीश रेड्डी इस सीजन में एक भी अर्धशतक नहीं लगा सके. 12 मैचों में सिर्फ 182 रन और दो विकेट ही निकाल पाए. हालांकि टेस्ट में उनके आंकड़े थोड़े बेहतर हैं—5 टेस्ट में एक शतक समेत 298 रन और 5 विकेट.
करुण नायर की वापसी पर सवाल
करुण नायर ने घरेलू क्रिकेट में दम दिखाकर वापसी की, लेकिन IPL में 7 मैचों में सिर्फ 154 रन ही बना सके. इंग्लैंड की परिस्थितियों में उन्हें अपनी तकनीक और संयम का सबसे बड़ा इम्तिहान देना होगा.
ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर का असर गायब
गुजरात टाइटंस के लिए खेलते हुए सुंदर 5 मैचों में सिर्फ 85 रन और दो विकेट ही ले सके. टेस्ट में उनके आंकड़े अच्छे हैं, लेकिन मौजूदा लय की कमी उनके प्रदर्शन को प्रभावित कर सकती है.
गेंदबाज़ी में भी चिंता, दीप और शार्दुल फॉर्म से दूर
तेज गेंदबाज आकाश दीप और शार्दुल ठाकुर का प्रदर्शन भी कुछ खास नहीं रहा. दीप ने 6 मैचों में सिर्फ 3 विकेट चटकाए जबकि शार्दुल ने 10 मैचों में 13 विकेट लिए लेकिन बाद के मैचों में उनका प्रदर्शन गिरा.