66th Gujarat Gaurav Diwas: गुजरात के 66वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने प्रदेशवासियों और दुनियाभर में बसे गुजरातियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य आज विकास के उस मुकाम पर पहुंच चुका है, जहां उसका मॉडल वैश्विक स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है। इस उपलब्धि का श्रेय उन्होंने जनता के परिश्रम और दूरदर्शी नेतृत्व को दिया।
महापुरुषों की प्रेरणा से शुरू हुई यात्रा
सीएम पटेल ने कहा कि महात्मा गांधी, सरदार वल्लभभाई पटेल, स्वामी दयानंद सरस्वती और श्यामजी कृष्ण वर्मा जैसे महापुरुषों की प्रेरणा से गुजरात की विकास यात्रा शुरू हुई। 1 मई 1960 को राज्य बनने के समय कई चुनौतियां थीं, लेकिन वर्षों की मेहनत से आज गुजरात ने बड़ी प्रगति हासिल की है।
मोदी के नेतृत्व में तेज हुआ विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गुजरात में विकास की राजनीति को नई दिशा मिली। बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में बड़े बदलाव हुए हैं। राज्य में बिजली उत्पादन क्षमता में कई गुना वृद्धि हुई है और गांवों तक 24 घंटे बिजली पहुंच रही है।
यह भी देखेंःAgni-6 missile: अग्नि-6 मिसाइल पर DRDO तैयार, केन्द्र सरकार की मंजूरी का इंतजार
मजबूत केंद्र
गुजरात आज औद्योगिक और निवेश का बड़ा केंद्र बन चुका है। वाइब्रेंट गुजरात समिट के जरिए राज्य में बड़े पैमाने पर निवेश आया है। साथ ही सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और अन्य हाईटेक इंडस्ट्रीज के विकास पर भी जोर दिया जा रहा है, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
रोडमैप तैयार
सीएम ने कहा कि राज्य ने 2047 तक विकसित गुजरात का रोडमैप तैयार किया है। ग्रीन एनर्जी, इंफ्रास्ट्रक्चर और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उनका कहना है कि लक्ष्य सिर्फ आर्थिक विकास नहीं, बल्कि लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना भी है, ताकि गुजरात देश और दुनिया के लिए एक आदर्श मॉडल बन सके।