70 Year Old Balloon Seller : सोशल मीडिया पर इन दिनों 70 साल के एक बुजुर्ग की कहानी लोगों का ध्यान खींच रही है। उनका नाम समीर काका बताया गया है। वायरल वीडियो के मुताबिक, उम्र के इस पड़ाव पर भी वह रोज काम करने के लिए घर से निकलते हैं। उनका काम गुब्बारे बेचना है और इसी कमाई से वह अपने परिवार का खर्च चलाते हैं।
रोज 8 किलोमीटर पैदल चलते हैं
समीर काका की दिनचर्या आसान नहीं है। वीडियो के अनुसार, वह अपने किराए के घर से करीब 4 किलोमीटर पैदल चलकर उस जगह पहुंचते हैं, जहां गुब्बारे बेचते हैं। दिनभर काम करने के बाद उन्हें वापस घर लौटने के लिए फिर करीब 4 किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। यानी रोज उनका सफर करीब 8 किलोमीटर का हो जाता है।
बीमारी ने भी नहीं तोड़ा हौसला
इस कहानी का सबसे भावुक हिस्सा उनकी सेहत से जुड़ा है। रिपोर्ट के अनुसार, समीर काका करीब 26 साल से गुब्बारे बेचकर अपना गुजारा कर रहे हैं। कुछ साल पहले उन्हें ब्रेन स्ट्रोक भी हुआ था और इसके बाद उन्हें लकवे की परेशानी से गुजरना पड़ा। उनकी गर्दन भी ठीक तरह से सीधी नहीं रहती। इसके अलावा पैरों में त्वचा से जुड़ी गंभीर परेशानी बताई गई है, जिससे चलने में तकलीफ होती है।
पूरे परिवार की जिम्मेदारी अकेले उठाते हैं
इतनी परेशानियों के बावजूद समीर काका काम करना नहीं छोड़ते। वायरल वीडियो के अनुसार, वह दिनभर मेहनत करने के बाद करीब 150 रुपये तक कमा पाते हैं। उनके परिवार में पांच लोग हैं और घर की कमाई की जिम्मेदारी उन्हीं पर है। इतनी कम आमदनी में परिवार का खर्च चलाना उनके लिए कितना मुश्किल होगा, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।
इसे भी पढ़ें : कचौड़ी-समोसे वाले नारे ने खींचा ध्यान, महिला प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
वायरल वीडियो ने लोगों को सोचने पर मजबूर किया
समीर काका की कहानी सामने आने के बाद सोशल मीिया पर लोग उनकी मेहनत और हिम्मत की चर्चा कर रहे हैं। वीडियो ने कई लोगों को यह सोचने पर मजबूर किया कि रोजमर्रा की छोटी परेशानियों के बीच भी कितने लोग बड़ी मुश्किलों का सामना करते हुए अपने परिवार के लिए मेहनत कर रहे हैं। हालांकि, यह कहानी वायरल सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है और इसकी सभी बातों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।