नोएडा के सेक्टर-66 स्थित मामूरा में खुले नाले में गिरकर एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग बुधवार को किसी काम से घर से निकले थे। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सिर के बल खुले नाले में गिर पड़े। आशंका जताई जा रही है कि नाले में डूबने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में नगर क्षेत्र में खुले नालों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी देखने को मिली।
पुलिस के अनुसार बुधवार को थाना फेस-3 पुलिस को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि मामूरा स्थित एक नाले में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना फेस-3 पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान रुमाल सिंह (उम्र करीब 70 वर्ष), पुत्र भागमल सिंह, निवासी ग्राम उखलीना, थाना जानी, जनपद मेरठ के रूप में हुई। वर्तमान में वह सेक्टर-66 स्थित मामूरा में रह रहे थे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की स्पष्ट पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल प्रथम दृष्टया मामला नाले में गिरने से डूबकर मौत होने का प्रतीत हो रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि हादसा किस परिस्थिति में हुआ। परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है और उनके बयान दर्ज किए गए हैं।
घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने खुले नालों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है। लोगों का कहना है कि कई स्थानों पर नालों पर ढक्कन नहीं हैं या सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं, जिससे आए दिन हादसों की आशंका बनी रहती है। उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि खुले नालों को तत्काल ढका जाए तथा सुरक्षा बैरिकेडिंग कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस ने बताया कि मामले में सभी आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।