पश्चिम एशिया में जारी हालात के बीच भारत सरकार नागरिकों की सुरक्षित वापसी में लगी हुई है। कतर से करीब 700 नागरिक देश पहुंचे, तो वहीं रियाद के लिए भारतीय एयरलाइंस की उड़ानें शुरू कर दी गईं।
एक-दो उड़ानें भारत के लिए चलने की संभावना
कतर में भारतीय दूतावास की जारी अपडेट एडवाइजरी के अनुसार, आज लगभग 700 भारतीय नागरिक दो कतर एयरवेज की उड़ानों से रवाना हुए। एक उड़ान दिल्ली और दूसरी मुंबई के लिए थी, जबकि कुछ यात्री अन्य गंतव्यों पर गए। आने वाले दिनों में कतर एयरवेज की रोजाना एक-दो उड़ानें भारत के लिए चलने की संभावना है।
सीमित उड़ानों से यात्रा करने का विकल्प
जो भारतीय नागरिक कतर से बाहर जाना चाहते हैं, उनके पास कतर एयरवेज की सीमित उड़ानों से यात्रा करने का विकल्प है। इसके अलावा, यदि उनके पास सऊदी अरब का वैध वीजा है, तो वे सलवा बॉर्डर के जरिए सऊदी अरब होकर भी जा सकते हैं।
ट्रांजिट वीजा जारी कराने में मदद
एडवाइजरी के अनुसार, हम उन भारतीय नागरिकों के लिए सऊदी अरब का 96 घंटे का अस्थायी ट्रांजिट वीजा जारी कराने में मदद कर रहे हैं जो कतर में विजिट वीजा पर थे और सऊदी अरब के रास्ते बाहर जाना चाहते हैं। इसके लिए रजिस्ट्रेशन हमारे सोशल मीडिया चैनलों पर दिए गए लिंक के माध्यम से किया जा सकता है।
जानकारी के अनुसार, दूतावास शुक्रवार-शनिवार (13-14 मार्च) को भी खुला रहेगा, ताकि विशेष रूप से तत्काल आधार पर पासपोर्ट नवीनीकरण जैसी जरूरतों में मदद की जा सके। दूतावास की ओर से कहा गया कि भारतीय समुदाय से अनुरोध है कि कतर के अधिकारियों की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करें।
देशभर में बाजार स्थिर हैं
इन एडवाइजरी में बताया गया है कि देशभर में बाजार स्थिर हैं और खुदरा दुकानों पर सभी जरूरी सामान उपलब्ध है। सभी से जिम्मेदारी से व्यवहार करने, अफवाहों से बचने और अनावश्यक सामान जमा न करने की अपील की गई है। केवल उतना ही सामान खरीदें जितना वास्तव में जरूरी हो।