नेशनल हाईवे-09 पर सोमवार को दिनदहाड़े बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने खल-चूरी के व्यापारी के मुनीम से 85 लाख रुपये लूट लिए। मुनीम बाइक पर सवार होकर गाजियाबाद की ओर जा रहा था। मुनीम की बाइक में टक्कर मारने के बाद बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया है। दिनदहाड़े हाईवे पर लूट की सूचना मिलने के बाद पुलिस में हड़कंप मच गया। अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
तलाश में कई टीमों को लगाया गया
बदमाशों की तलाश में कई टीमों को लगाया गया है। पुलिस हाईवे पर जगह-जगह लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगालने का काम कर रही है। इस बड़ी वारदात ने जिले की पुलिस की लचर व्यवस्था की एक बार फिर पोल खोलकर रख दी है। जिला गौतमबुद्धनगर के दादरी निवासी गोपालजी का मुनीम गांव दादूपुर खटाना निवासी अजयपाल सिंह सोमवार को बाइक पर सवार होकर हापुड़ में पैमेंट लेने के लिए आया था। जिले के दो व्यापारियों से मुनीम ने करीब 85 लाख रुपये की पैमेंट ली थी।
मुनीम सड़क पर गिरकर घायल हो गया
इन रुपयों को एक पिट्ठू बैग में रखकर मुनीम गाजियाबाद की ओर जा रहा था। जब बाइक सवार मुनीम पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के नेशनल हाईवे-09 पर स्थित सरस्वती मेडिकल कॉलेज के पास पहुंचा तो पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने मुनीम की बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद मुनीम सड़क पर गिरकर घायल हो गया।
पीड़ित मुनीम से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली
इसके बाद हथियारों से लैस बदमाशों ने उसका रुपयों से भरा पिट्ठू बैग लूटकर फरार हो गए। दिनदहाड़े हाईवे पर 85 लाख रुपये की लूट की सूचना मिलने के बाद पुलिस प्रशासन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आनन फानन में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने पीड़ित मुनीम से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। जिसके बाद बदमाशों की धरपकड़ के लिए टीमों का गठन किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर भी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और मामले की जानकारी ली। अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि मुनीम ने एक जगह से 50 लाख और दूसरी जगह से 35 लाख रुपये लिए थे। जिसके बाद वह गाजियाबाद की ओर जा रहा था। तभी यह घटना हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही वारदात का पर्दाफाश किया जाएगा।