मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में एक खौफनाक खुलासा सामने आया है। सुजियारी पहाड़ी पर एक जला हुआ कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। यह कंकाल किसी और का नहीं बल्कि 8 महीने से लापता भोला यादव का बताया जा रहा है। पहाड़ी पर जले हुए कपड़े, खून के धब्बे और सामान के साथ मिली ये लाश कई सवाल खड़े कर रही है। मृतक की पहचान परिजन द्वारा की गई है, हालांकि पुलिस डीएनए रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। 65 वर्षीय भोला यादव की गुमशुदगी रिपोर्ट पिछले साल दर्ज कराई गई थी। यह मामला उमरिया के पिछले हत्याकांड के ठीक बाद सामने आया है, जिससे इलाके में डर का माहौल है।
पहाड़ी की खोह से मिला कंकाल
चंदिया थाना क्षेत्र के ग्राम कौड़िया की सुजियारी पहाड़ी पर एक पत्थर की खोह में जला हुआ कंकाल मिला है। इसके पास खून के निशान, जले हुए कपड़े, कंबल, जूते, गमछा और चाबी भी बरामद हुई है। इससे यह संदेह गहरा गया है कि यह कोई सामान्य मौत नहीं बल्कि साजिश हो सकती है।
परिजनों ने कंकाल की की पहचान
मौके पर बुलाए गए परिजनों ने मृतक की पहचान भोला यादव के रूप में की है। बताया जा रहा है कि भोला यादव बीते 8 महीने से लापता थे और उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट नवंबर 2024 में दर्ज कराई गई थी।
जांच में जुटी पुलिस, डीएनए रिपोर्ट का इंतजार
चंदिया टीआई ज्योति शुक्ला ने बताया कि पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और जांच जारी है। कंकाल की पुष्टि के लिए डीएनए टेस्ट कराया जाएगा। जांच के दौरान पहाड़ी पर कुछ और अहम सुराग भी मिले हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है।
पहले भी मिल चुकी हैं लाशें
उमरिया जिले में हाल ही में जंगल में दो शव मिलने का मामला सामने आया था। इन मामलों की जांच अभी पूरी भी नहीं हुई थी कि यह नया मामला सामने आ गया, जिससे पुलिस पर दबाव बढ़ गया है।
इलाके में डर और सन्नाटा
लगातार मिल रहे शवों के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है और वे रात को बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। पुलिस अब पहाड़ी क्षेत्र की गहन तलाशी कर रही है।