Hapur News: नगर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बदनौली की मढैय्या में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां 10 वर्षीय मासूम बालक बंटी की बाथरूम में नहाते समय पानी की रॉड से करंट लगने से मौत हो गई। बुधवार को हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
पानी गर्म करने के लिए लगाई थी रॉड
मृतक बंटी ग्राम बदनौली मढैय्या निवासी राजकिशोर का पुत्र था। राजकिशोर मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बंटी गांव के सरकारी स्कूल में कक्षा चार में पढ़ता था। मौसम में ठंडक बढ़ने के कारण घर के बाथरूम में पानी गर्म करने के लिए रॉड लगाई गई थी।
करंट लगने के हालत गंभीर
परिवार के अनुसार, बुधवार को बंटी नहाने के लिए बाथरूम में गया। कुछ देर तक वह नीचे नहीं उतरा तो माता-पिता को चिंता हुई। जब वे ऊपर बाथरूम में पहुंचे तो देखा कि बंटी का सिर पानी की बाल्टी में गिरा हुआ है और वह बेहोश पड़ा है। तुरंत उसे बाल्टी से निकाला गया। बालक झुलस चुका था और करंट लगने के कारण उसकी हालत गंभीर थी।
बंटी को मृत घोषित कर दिया
परिजन आनन-फानन में उसे गांव के एक स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए। डॉक्टर ने तुरंत हापुड़ के बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया। वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने बंटी को मृत घोषित कर दिया। करंट लगने से बालक के शरीर पर झुलस के निशान साफ दिख रहे थे।
मां का रो-रोकर हुआ बुरा हाल
पिता राजकिशोर ने बताया कि परिवार गरीब है और मकान के ऊपर बाथरूम-शौचालय बनवाया था। ठंड के कारण पानी गर्म करने की रॉड का इस्तेमाल किया जा रहा था। अचानक हुए इस हादसे से पूरा परिवार सदमे में है। मां रो-रोकर बेटे को पुकार रही हैं। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।