Hapur News: जिले की पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के गांव दतैड़ी के जंगल में दो युवकों ने 16 वर्षीय एक किशोर की ईंट से कुचलकर नृशंस हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने मृतक किशोर को निर्वस्त्र कर दिया और उसके कपड़ों को जलाकर पास के गांव के जंगल में फेंक दिए थे। पुलिस ने बुधवार को किशोर का नग्नावस्था में शव दतैड़ी में स्थित गन्ने के खेत से बरामद कर लिया है। जबकि उसके जले हुए कपड़ों को गांव मुकीमपुर के जंगल से बरामद किया गया है। इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के पास से बाइक और हत्या में प्रयुक्त ईंट को भी बरामद किया है। मृतक किशोर एक प्रापर्टी डीलर के आफिस में काम करता था।
पुलिस कर रही थी हिमांशु की तलाश
पुलिस के मुताबिक जिला गाजियाबाद के थाना भोजपुर के गांव कनकपुर का रहने वाला 16 वर्षीय हिमांशु पिलखुवा के दतैड़ी गेट के पास में स्थित एक प्रापर्टी डीलर के आफिस में काम करता था। बीती 17 नवंबर को गांव कनकपुर का रहने वाला सचिन उर्फ पस्सू और जिला बुलंदशहर के शिकारपुर के गांव मानपुर और हाल निवासी गांव खेड़ा के माता मोहल्ला निवासी पुष्पेंद्र हिमांशु के आफिस पर आए और हिमांशु को खल की बोरी उतरवाने के बहाने अपने साथ बाइक पर बैठाकर ले गए। काफी देर तक भी हिमांशु घर नहीं आया तो उसके परिजन ने उसकी तलाश शुरू कर दी थी। इस मामले में हिमांशु के चाचा प्रमोद कुमार ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जिसके बाद से पुलिस हिमांशु की तलाश कर रही थी।
पुलिस ने की सख्ती से पूछताछ
पुलिस ने आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो उसमें बाइक पर दोनों युवकों के साथ हिमांशु जाता हुआ दिखाई दिया। जिसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने हिमांशु की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। जिसके बाद पुलिस दोनों काे लेकर गांव दतैड़ी के जंगल में पहुंची तो हिमांशु का नग्नावस्था में शव बरामद हो गया। पास में ही स्थित एक ट्यूबवैल के पास से खून से लथपथ ईंट भी बरामद हो गई। जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि उन्होंने ही मृतक हिमांशु के कपड़ों को उतारा और उन्हें गांव मुकीमपुर के जंगल में ले जाकर उनमें आग लगा दी थी। पुलिस ने कपड़ों को भी बरामद कर लिया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
आरोपियों ने चेहरे पर ईंट से प्रहार करते हुए हिमांशु की हत्या की थी। जिसके बाद पुलिस ने घटनास्थल से सबूत और उनके पास से बाइक भी बरामद की है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि कुछ वर्ष पहले पुष्पेंद्र की बहन से छेड़छाड़ का आरोप मृतक हिमांशु पर लगा था। संभवतय इस बात की वजह से इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। पिलखुवा सीओ अनीता चौहान ने बताया कि दोनों आरोपियों को पुलिस ने फिलहाल हिरासत में ले लिया है। मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। फिलहाल शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।