नई दिल्ली। उत्तर - पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास थाना क्षेत्र में दो वर्षीय मासूम की हत्या के मामले में पुलिस ने वारदात का पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान शाका उर्फ पप्पू उर्फ पागल (40) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और घुमक्कड़ जीवन जीता था। पुलिस के अनुसार घटना का कारण बच्चे के माता-पिता से आरोपी का झगड़ा बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, यह मामला 4 अक्टूबर का है। गरीब परिवार दशहरा के मौके पर खजूरी खास फ्लाईओवर के नीचे खिलौने बेचकर गुजर-बसर कर रहा था। उसी दौरान उनका दो साल का बेटा अचानक लापता हो गया था। परिजनों और स्थानीय लोगों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में बच्चे का शव सीआरपीएफ बाउंड्री के पास से बरामद हुआ, जिसकी हालत बेहद खराब थी। इस वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी थी।
घटना के बाद से आरोपी फरार था। इंस्पेक्टर दीपक पांडे की अगुवाई में पुलिस टीम लगातार सुराग जुटाने में लगी रही। टीम ने दिल्ली और आसपास के इलाकों में कई जगह दबिश दी और आखिरकार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में शाका ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि घटना वाली रात उसका बच्चे के माता-पिता से झगड़ा हुआ था, जिसके बाद गुस्से में उसने मासूम की जान ले ली। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले भी चोरी के एक मामले में शामिल रह चुका है। फिलहाल, पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।