मुजफ्फरनगर। जनपद के शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव काकड़ा में देर शाम हुए सड़क हादसे में एक 35 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि कसेरवा निवासी नफीस पुत्र हाकिम अली बाइक पर सवार होकर अपने रिश्तेदारी में हरसोली जा रहा था। जब वह स्वामी कल्याण देव कन्या इंटर कॉलेज, काकड़ा के पास पहुंचा, तभी एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से नफीस सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने सड़क किनारे पड़े युवक को देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही शाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहपुर ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक की पहचान कर परिजनों को घटना की सूचना दी।सूचना मिलते ही परिवारजन अस्पताल पहुंचे, जहां मृतक को देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। वहीं, हादसे के बाद से क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है ताकि आरोपी वाहन चालक का सुराग मिल सके।