बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हनुमान टीला में शुक्रवार की देर शाम एक 40 वर्षीय व्यक्ति ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मोहल्ला हनुमान टीला निवासी 40 वर्षीय मनीष बंसल ने अपने घर पर कनपटी पर गोली मार ली। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
परिजनों का आरोप है कि पुलिस की दबिश और लगातार पूछताछ से परेशान होकर मनीष बंसल ने यह कदम उठाया। मृतक की पत्नी साक्षी बंसल का कहना है कि उनके पति को बार-बार पुलिस द्वारा परेशान किया जा रहा था, जिससे वह काफी तनाव में थे। इसी दबाव के चलते उन्होंने आत्महत्या कर ली।
वहीं, सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मौके की जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सीओ खुर्जा शोभित कुमार ने बताया कि व्यक्ति द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।