मेरठ। एक 62 वर्षीय व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनका शव बाथरुम में फंदे पर लटका मिला। बेटी के घर से लौटने पर पत्नी को घटना की जानकारी हुई। जिसकी सूचना पत्नी ने आसपास के लोगों को देते हुए थाना पुलिस को दी। मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। पहुंची पुलिस ने शव को कब्जें में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटना की जांच शुरु कर दी है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहल्ला खारी कुंआ निवासी राज कुमार तोमर ने रविवार को बाथरुम में केबल के तार से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय मृतक की पत्नी अपनी बेटी से मिलने के लिए कंकरखेड़ा गई हुई थीं। वापस लौटने के बाद उन्हें घटना का पता चला। पति को लटका देख पत्नी ने शोर मचा दिया। आवाज सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। घटना की जिसकी सूचना थाना पुलिस को दी। पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही परिजनों से भी जानकारी जुटाई।
पुलिस ने शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार, राज कुमार तोमर अपनी पत्नी के साथ पिछले करीब तीन साल से इसी मकान में किराए पर रह रहे थे। उनके तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि बेटा घर से बाहर रहकर पढ़ाई करता है।
कोतवाली इंस्पेक्टर ने बताया शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही स्थिति और कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।