तमिलनाडु के एक प्रसिद्ध मंदिर में उस वक्त अफरातफरी मच गई जब श्रद्धालुओं को दिए गए प्रसाद में निकला सांप का बच्चा। 800 साल पुराने चंद्रचूड़ेश्वर मंदिर की घटना ने लोगों को स्तब्ध कर दिया। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों ने मंदिर प्रशासन की लापरवाही उजागर कर दी। फिलहाल जांच जारी है, लेकिन अब सवाल उठ रहे हैं धार्मिक स्थलों पर भोजन की स्वच्छता को लेकर।
प्रसाद में निकला मरा हुआ सांप, श्रद्धालु सन्न
कृष्णगिरि जिले के होसुर स्थित चंद्रचूड़ेश्वर मंदिर में उस समय हड़कंप मच गया जब प्रसाद में एक मरा हुआ सांप का बच्चा पाया गया। श्रद्धालुओं ने जैसे ही यह देखा, उन्होंने मंदिर प्रशासन से शिकायत की, लेकिन बताया जा रहा है कि वहां से उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
सोशल मीडिया पर बवाल, तस्वीरें हो रही वायरल
इस घटना के बाद कुछ श्रद्धालुओं ने सांप के मरे हुए बच्चे की तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर कर दी और हिंदू धर्मार्थ विभाग को टैग करते हुए कार्रवाई की मांग की। तस्वीरें तेजी से वायरल हो गईं, जिससे लोगों में रोष फैल गया और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे।
800 साल पुराना है यह मंदिर, रोज आते हैं हजारों श्रद्धालु
चंद्रचूड़ेश्वर मंदिर तमिलनाडु का एक ऐतिहासिक और प्रसिद्ध मंदिर है, जो बेंगलुरु और कृष्णगिरि के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित है। यहां रोज 800 से 1000 श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। मंदिर हिंदू धार्मिक और धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के अधीन है।
फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट सख्त, होटलों तक पर कार्रवाई
तमिलनाडु का खाद्य सुरक्षा विभाग हाल ही में होटल्स और सड़क किनारे स्टॉल्स पर गंदे खाने पर कार्रवाई कर रहा है। अब जब मंदिरों में भी खाद्य असुरक्षा सामने आ रही है, तो माना जा रहा है कि विभाग इस दिशा में भी सख्त कदम उठा सकता है।
अभी तक नहीं आया कोई आधिकारिक बयान
घटना को लेकर न तो मंदिर प्रशासन और न ही बंदोबस्ती विभाग ने अब तक कोई आधिकारिक टिप्पणी की है। श्रद्धालु इस बात से और ज़्यादा नाराज हैं कि आस्था के नाम पर उन्हें खतरे में डाला जा रहा है।