नोएडा।।चंडीगढ़ में ब्रेन डेड घोषित एक आर्मी अफसर के परिवार ने उनकी अंतिम इच्छा का सम्मान करते हुए अंगदान कर दिया। उनका हृदय एयरलिफ्ट कर गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट लाया गया और वहां से नोएडा के फोर्टिस अस्पताल, सेक्टर-62 तक पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया।
हृदय पहुंचते ही डॉक्टरों ने ट्रांसप्लांट शुरू कर दिया। इस पूरे अभियान में नोएडा पुलिस की भूमिका सबसे अहम रही।अंगदान के मामलों में हर मिनट मायने रखता है। हृदय को सुरक्षित और समय पर अस्पताल पहुंचाना सबसे बड़ी चुनौती थी। गौतम बुद्ध नगर कमिश्नरेट में इस तरह का ग्रीन कॉरिडोर पहली बार बनाया गया।
नोएडा पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर को दोपहर करीब 2:03 बजे हृदय लेकर एंबुलेंस हिंडन एयरपोर्ट से रवाना हुई। ट्रैफिक पुलिस ने पूरे मार्ग पर चौराहों को खाली रखा, वाहनों को रोका और एंबुलेंस के लिए रास्ता साफ किया। करीब 20 किलोमीटर का सफर बिना रुके महज 16 मिनट में पूरा हुआ।यह तालमेल गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर पुलिस के बीच भी रहा, क्योंकि हृदय पहले हिंडन पहुंचा और फिर नोएडा के अस्पताल जाना था। अस्पताल पहुंचते ही शल्य चिकित्सकों की टीम तैयार खड़ी थी। हृदय मिलते ही ट्रांसप्लांट शुरू कर दिया गया। फोर्टिस अस्पताल के प्रबंधन, स्टाफ और मरीज के परिजनों ने यातायात पुलिस की सराहना की।
परिवार के इस फैसले ने एक गंभीर हृदय रोगी को नया जीवन देने का रास्ता खोला। पुलिस का कहना है कि अंगदान महादान है और जान बचाने के ऐसे अभियान में बल कानून-व्यवस्था के साथ मानवीय संवेदना का भी हिस्सा बनता है। गौतम बुद्ध नगर पुलिस ने साफ किया कि ऐसे आपात मामलों में ग्रीन कॉरिडोर बनाने और एंबुलेंस को बिना विलंब पहुंचाने के लिए वह पूरी तरह तैयार रहती है।