कांवड़ यात्रा के दौरान मंगलवार सुबह दौराला थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाइक और स्कूटी की टक्कर में दो कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए।
एक घायल को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर
हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया। एक घायल को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
दौराला थाना क्षेत्र के पास दोनों वाहनों की जोरदार टक्कर
पुलिस के अनुसार मंगलवार सुबह करीब सात बजे कांवड़िया सचिन पुत्र अतर सिंह निवासी मजाहतपुर, हरिद्वार और लक्ष्य पुत्र अरविंद निवासी तेलीवाला, हरिद्वार बाइक से बागपत जनपद स्थित पुरा महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने के बाद लौट रहे थे। इसी दौरान अभिनव कपूर पुत्र अजय कपूर और साहिल पुत्र अज्ञात निवासी रामनगर, कृष्णानगर, दिल्ली स्कूटी से हरिद्वार की ओर जा रहे थे।
दौराला थाना क्षेत्र के पास दोनों वाहनों की जोरदार टक्कर हो गई।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है
हादसे में बाइक और स्कूटी सवार पांचों कांवड़िये घायल हो गए। सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सीएचसी दौराला भेजा। घायल अभिनव कपूर को उपचार के लिए एसडीएस ग्लोबल हॉस्पिटल ले जाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान सचिन और अभिनव कपूर को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं साहिल की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल, थाना मेडिकल क्षेत्र, मेरठ रेफर कर दिया गया। लक्ष्य और अन्य घायल का उपचार कराया गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। कांवड़ यात्रा के बीच हुए हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।