नोएडा। होली के त्योहार को खूनी रंग देने वाली एक सनसनीखेज घटना में नोएडा के सेक्टर-75 स्थित Ivy County Society के मार्केट क्षेत्र में 39 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर साहिल सिंघल की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई।
पुलिस ने घटना के मात्र दो दिन बाद मुख्य अभियुक्त कथित प्रेमिका और उसके दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। एक नाबालिग भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि घटना 4 मार्च 2026 (होली का दिन) दोपहर करीब 4 बजे की है। साहिल सिंघल अपनी पत्नी और बच्चों के साथ सोसाइटी में होली मना रहे थे। इसी दौरान गाजियाबाद की एक महिला अपने दो भाइयों के साथ वहां पहुंची। पिछले चार साल से चल रहे विवाहेतर संबंध को लेकर गर्मागर्म बहस हुई। बहस इतनी बढ़ गई कि महिला के एक भाई ने साहिल पर .32 बोर पिस्टल से गोली चला दी। गोली साहिल के पेट में लगी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पत्नी और बच्चे इस खौफनाक नजारे के साक्षी बने।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
थाना सेक्टर-113 की टीम ने लोकल इंटेलिजेंस के आधार पर 6 मार्च को पर्थला डूब क्षेत्र (कब्रिस्तान सर्विस रोड) से तीनों मुख्य अभियुक्तों को धर दबोचा। गिरफ्तार किए हत्या आरोपियों में प्रिया सिंह (28 वर्ष), पुत्री सुभाष सोलंकी, निवासी विष्णु एन्क्लेव, थाना कविनगर, गाजियाबाद
लब्बू उर्फ लोकेंद्र सोलंकी (26 वर्ष), पुत्र सुभाष सोलंकी, निवासी विष्णु एन्क्लेव, गाजियाबाद।
निखिल सोलंकी (24 वर्ष), पुत्र सुभाष सोलंकी, निवासी विष्णु एन्क्लेव, गाजियाबाद आदि हैं।
इनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल .32 बोर पिस्टल (दो जिंदा कारतूस सहित) और फ्रॉन्क्स कार (बिना नंबर प्लेट, जिससे अभियुक्त फरार हुए थे) बरामद की गई। इसके अलावा, हत्या में शामिल एक 16 वर्षीय नाबालिग को भी पुलिस ने अभिरक्षा में ले लिया है।
मुकदमा और धाराएं
मामला मुकदमा संख्या 0066/2026 के तहत दर्ज किया गया है, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1)/3(5) (हत्या) तथा Arms Act की धारा 3/25/27 शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि प्रेमिका और उसके भाइयों ने मिलकर साजिश रची और हत्या को अंजाम दिया।