Hapur News: देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़ी डग्गामार बस बड़ा हादसा बन गई। बदरखा गांव के पास खड़ी बस में पीछे से कार के टकराने से चार माह के मासूम अदिवन की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी मां मिनी सचदेव और बहन दिसानी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हाईवे पर मौजूद लोगों ने कई बार एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन करीब आधे घंटे तक कोई सहायता नहीं पहुंची। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया।
एंबुलेंस काफी देर तक नहीं पहुंची
जानकारी के मुताबिक, मिनी सचदेव पत्नी अनिल सचदेव निवासी द्वारका, दिल्ली अपनी बहन भावना निवासी संभल के यहां से बेटी दिसानी और चार माह के बेटे अदिवन के साथ किराए की कार से दिल्ली जा रही थीं। जब कार गढ़ क्षेत्र स्थित बदरखा गांव के पास दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंची, तभी हाईवे पर देर रात से खराब खड़ी डग्गामार बस को कार चालक जयप्रकाश देख नहीं पाया।बिना किसी चेतावनी चिन्ह के खड़ी बस में कार की जोरदार लग गई,हादसे में मिनी सचदेव, उनकी बेटी और मासूम अदिवन गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। राहगीरों ने तुरंत एंबुलेंस और हाईवे पुलिस को सूचना दी, लेकिन एंबुलेंस काफी देर तक नहीं पहुंची।
एक मासूम की जान चली गई
घायलों की गंभीर हालत देखते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अपनी गाड़ी से घायलों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने चार माह के अदिवन को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने बच्चे और घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया।स्थानीय लोगों का कहना है कि खराब बस कई घंटों से हाईवे पर बिना किसी रिफ्लेक्टर, टेप या सुरक्षा व्यवस्था के खड़ी थी। हाईवे पर लगे कैमरों और गश्त टीमों के बावजूद बस को हटवाने की कोई कार्रवाई नहीं की गई। लोगों ने आरोप लगाया कि हाईवे कर्मियों और जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही के कारण यह बड़ा हादसा हुआ और एक मासूम की जान चली गई।