Bulandshahr News: जनपद के औरंगाबाद थाना क्षेत्र के लखावटी इलाके में फैंटम ड्यूटी पर तैनात एक सिपाही ने सर्विस हथियार से खुद को गोली मार ली। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना तड़के करीब तीन बजे नहर की पटरी पर हुई। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक समेत अन्य आला अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
फैंटम वाहन पर ड्यूटी कर रहा था
फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान सिपाही सुधीर के रूप में हुई है, जो वर्ष 2025 बैच का आरक्षी था। वह मूल रूप से आगरा जिले के इरादतनगर थाना क्षेत्र के गांव संगेचा का निवासी था। वर्तमान में उसकी तैनाती बुलंदशहर में थी और घटना के समय वह फैंटम वाहन पर ड्यूटी कर रहा था।
पुलिस कर रही जांच
घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया और मौके से मिले साक्ष्यों को सुरक्षित कराया। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। साथ ही मृतक के साथ ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों और अन्य संबंधित लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। जवान सिपाही की अचानक हुई मौत से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी तथ्यों को खंगालने में जुटी है।