
Hapur News: थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के पलवाड़ा-बहादुरगढ़ मार्ग पर रजवाहे के पास देर रात पुलिस टीम ने 20 हजार रुपये के इनामी शातिर बदमाश अबुजर के साथ जोरदार मुठभेड़ की। गोलीबारी में पैर में गोली लगने से घायल बदमाश ने सरेंडर करते हुए हाथ जोड़कर माफी मांगी और गिड़गिड़ाया, 'साहब, गलती हो गई... इस बार छोड़ दो, आगे से अपराध नहीं करूंगा।' पुलिस ने तत्काल उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
आरोपी ने पुलिस पर की फायरिंग
सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि थाना प्रभारी निरीक्षक धीरज मलिक अपनी टीम के साथ मंगलवार की रात को संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी स्कूटी पर सवार एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाश ने भागने की कोशिश की। घेराबंदी होने पर घबरा गया आरोपी ने पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा के लिए गोली चलाई, जो बदमाश के पैर में लग गई। दर्द से कराहते हुए वह जमीन पर गिर पड़ा और सरेंडर कर लिया।
20 हजार रुपये का इनाम किया था घोषित
मौके पर पहुंची टीम ने आरोपी की तलाशी ली, तो उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा (कलिबर 315), एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और बरामद स्कूटी जब्त की गई। आरोपी की पहचान थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर रुस्तमपुर गांव निवासी अबुजर उर्फ अबू के रूप में हुई। वह थाने का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है और गंभीर अपराधों जैसे आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट व अन्य मामलों में वांछित चल रहा था। एसएसपी हापुड़ ने उसके सिर पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
जांच की जा रही
पुलिस ने बताया कि घायल बदमाश के विरूद्ध हरियाणा राज्य व जनपद हापुड़ एवं बिजनौर में चोरी व आर्म्स एक्ट के करीब एक दर्जन मुकदमें विभिन्न थानों में दर्ज हैं। बदमाश से पूछताछ में पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। जिसके बारे में जांच की जा रही है।