
मुजफ्फरनगर। पानीपत खटीमा नेशनल हाईवे पर जनपद के थाना तितावी क्षेत्र में लालू खेड़ी के निकट देर रात सरियों से लदे डीसीएम ने ट्रैक्टर ट्राली में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में डीसीएम चालक की मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर ट्रॉली पर सवार दो सगे भाई घायल हो गए। थाना पुलिस ने बताया कि तितावी से लालूखेड़ी रोड पर रात्रि समय के एक ट्रैक्टर ट्रॉली को पीछे से सरिया लेकर शामली की ओर जा रही एक डीसीएम यूपी 15 ईटी 8333 ने पीछे से टक्कर मार दी है जिसमें ट्रैक्टर चला रहे अनिल व उसके भाई संदीप पुत्रगण मांगेराम घायल हो गए जबकि डीसीएम तेज गति में होने के कारण डिवाइडर को पार करते हुए दूसरी ओर जाकर क्षतिग्रस्त हुआ इसमें डीसीएम चालक शाहरुख भी गंभीर रूप से घायल हुआ।
सूचना मिलते ही सीओ फुगाना रूपाली राव एवं तितावी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और डीसीएम में फंसे घायल चालक को किसी तरह क्रेन और हाइड्रा की मदद से ट्रक को काटकर निकाला तथा घायल शाहरुख, ट्रैक्टर चालक अनिल व उसके भाई संदीप को भी अस्पताल में भर्ती कराया जहां शाहरुख को मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार मृतक शाहरुख पुत्र अखलाक थाना खालापार क्षेत्र के गांव सूजडू का रहने वाला था। जबकि ट्रैक्टर सवार अनिल व संदीप शामली जनपद के थाना गढीपुख्ता क्षेत्र के ग्राम मालेंडी के निवासी है जो ट्रैक्टर ट्राली से शामली की ओर जा रहे थे। घायलों को उपचार हेतु सीएचसी बघरा भिजवाया जा चुका है। पुलिस ने मृतक डीसीएम चालक शाहरुख पुत्र अखलाक निवासी सुजडू के शव को मोर्चरी भिजवाया गया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से हटवा कर यातायात को सुचारू कराया।