मेरठ। पढ़ाई में नंबर कम आने के कारण अवसाद में चल रही बीएएमएस द्वितीय वर्ष की छात्रा ने दादी के घर में आत्महत्या कर ली। छात्रा की मौत से परिवार वालों में कोहराम मच गया। फोरेंसिक टीम के निरीक्षण के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली थाना क्षेत्र के जाटव गेट निवासी कासिम की बेटी आरिबा बीएएमएस द्वितीय वर्ष की पढ़ाई के लिए लालकुर्ती स्थित बेकरी मोहल्ले में दादी के यहां रह रही थी। आरिबा हापुड़ स्थित एक मेडिकल कॉलेज में बीएएमएस की पढ़ाई कर रही थी। हाल ही में उसने वार्षिक परीक्षाएं दी थी। परिजनों के मुताबिक आरिबा पिछले कुछ दिनों से परीक्षा को लेकर तनाव में थी। उसे आशंका थी कि इस बार परीक्षा में उसके नंबर कम आ सकते हैं। इसी बात को लेकर वह काफी परेशान रहती थी। देर रात उसने दादी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ खाना खाया और इसके बाद अपने कमरे में चली गई। काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर दादी और अन्य परिजन उसे देखने पहुंचे। कमरे का दरवाजा खोलकर देखा तो आरिबा पंखे पर लटकी हुई थी। यह देखते ही परिजनों के होश उड़ गए और घर में चीख-पुकार मच गई।
आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। शोर सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। बेटी की मौत की खबर मिलते ही जाटव गेट से पिता कासिम और परिवार के अन्य सदस्य भी आ गए। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को बुलाया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, सीओ कैंट नवीना शुक्ला ने बताया, परिवार वालों ने पहले पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया था, लेकिन समझाने के बाद वह मान गए। परीक्षा परिणाम को लेकर छात्रा के तनाव की बात सामने आ रही है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।