Bulandshahr News: कोतवाली खुर्जा नगर क्षेत्र के मोहल्ला खीरखानी में आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि जीजा ने अपनी साली पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के दौरान बीच-बचाव में आए भतीजे पर भी आरोपी ने हमला कर दिया, जिससे उसका कान कट गया।
महिला को मृत घोषित कर दिया
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल युवक का उपचार जारी है। परिजनों के अनुसार, आरोपी का अपनी पत्नी (मृतका की बहन) से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी दौरान जब मृतका ने बहन के साथ मारपीट का विरोध किया, तो आरोपी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।
जांच की जा रही
सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर दबिश दी जा रही है। मृतका के पति इशाक और प्रत्यक्षदर्शी चांदनी ने बताया कि आरोपी ने अचानक हमला कर वारदात को अंजाम दिया, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।