Delhi double murder : दिल्ली के जाफराबाद इलाके में देर रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां बदमाशों ने दो सगे भाइयों को गोली मार दी, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना सोमवार और मंगलवार (15–16 दिसंबर) की दरम्यानी रात की बताई जा रही है। गोली लगने से दोनों भाइयों की मौत हो गई, जबकि हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। मृतकों की पहचान नदीम और फजील के रूप में हुई है।यह मामला जाफराबाद थाना क्षेत्र के चौहान बांगर इलाके का है। गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
फुफेरे भाइयों पर हत्या का आरोप
मृतकों के बड़े भाई ने इस दोहरे हत्याकांड को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनके बुआ के बेटों ने ही इस वारदात को अंजाम दिया है। आरोप है कि आपसी रंजिश के चलते नदीम और फजील को निशाना बनाया गया। पुलिस ने परिजनों के आरोपों को आधार बनाकर जांच शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
मौके पर फजील की मौत, रास्ते में तोड़ा नदीम ने दम
पुलिस के अनुसार, उन्हें रात करीब 1:40 बजे जाफराबाद इलाके में गोली चलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान 31 वर्षीय फजील के रूप में हुई, जो गली नंबर 30/8, जाफराबाद का रहने वाला था। फजील का 33 वर्षीय भाई नदीम गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। परिजन उसे तुरंत जेपीसी अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने रास्ते में ही उसकी मौत की पुष्टि कर दी।
जांच में जुटी पुलिस, कई टीमें तैनात
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जाफराबाद थाने में बीएनएस की धारा 103(1)/3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम सबूत जुटाए हैं। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमें बनाई गई हैं। इसके साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है।