मेरठ। सोशल मीडिया पर एसएसपी के नाम से फर्जी वीडियो बनाकर वायरल करने वाले एक व्यक्ति पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। इस पूरे मामले की जांच सिविल लाइंस थाना प्रभारी करेंगे। मुकदमा भी सिविल लाइंस थाने में तैनात एसआई ने दर्ज कराया है।
सिविल लाइंस थाने में एसआई हिमांशु यादव ने दर्ज कराए मुकदमे में बताया है कि 18 अप्रैल को वह सोशल मीडिया पर इंस्टाग्राम देख रखे थे। इसी दौरान उन्होंने एक लिंक को खोलकर देखा तो उस पर एक वीडियो वायरल हो रही थी। वायरल वीडियो को देखा तो एसएसपी से वार्ता करते हुए एक व्यक्ति अपना नाम आलोक उपाध्याय बता रहा है, जबकि आलोक उपाध्याय की एसएसपी से कभी वार्ता नहीं हुई, बल्कि किसी अन्य व्यक्ति से आलोक उपाध्याय बात कर रहा है।
वीडियो में जो आडियो सुनाई दे रही है, वह एसएसपी की नहीं है। आलोक उपाध्याय ने एसएसपी का नाम प्रतिरुपण करके उक्त वीडियो को इंस्टाग्राम पर अपलोड कर वायरल किया है। आलोक उपाध्याय ने वीडियो वायरल कर सरकारी कार्य में बाधा पैदा की है और एसएसपी के नाम की आड़ में लोगों को ठगने षड़यंत्र रचा है। सीओ सिविल लाइंस ने बताया, एसआई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। इसकी जांच सिविल लाइंस थाना प्रभारी करेंगे।