नई दिल्ली। दिल्ली के विवेक विहार थाना क्षेत्र के अंतर्गत झिलमिल कृष्णा मार्केट स्थित राजीव कैंप जेजे क्लस्टर में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर में खाना बनाते वक्त लगी आग की चपेट में आकर एक साल के मासूम की मौत हो गई, जबकि उसकी चार साल की बहन गंभीर हालत में जीटीबी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है। घटना के बाद पूरे कैंप में मातम पसरा हुआ है।
डीसीपी शाहदरा प्रशांत गौतम के मुताबिक शनिवार को जीटीबी अस्पताल से सूचना मिली कि दो छोटे बच्चों को आग से झुलसी हालत में भर्ती कराया गया है। दोनों राजीव कैंप निवासी अतुल पंडित के बच्चे हैं। अस्पताल में किए गए मेडिकल परीक्षण में आग से झुलसने की पुष्टि हुई। इलाज के दौरान एक वर्षीय अंश ने दम तोड़ दिया, जबकि उसकी बहन परी की हालत अब भी नाज़ुक बनी हुई है।
मां निशा ने पुलिस को बताया कि वह कमरे में गैस पर खाना बना रही थीं। शौच के लिए बाहर जाने के दौरान दोनों बच्चे कमरे में बेड पर सो रहे थे। गैस चूल्हे और बेड के बीच की दूरी महज करीब डेढ़ फीट थी। इसी दौरान किसी वजह से आग भड़क गई और देखते ही देखते बेड ने आग पकड़ ली। करीब 15 मिनट बाद लौटने पर उन्होंने बच्चों को झुलसी हालत में देखा।
शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की। इसके बाद बच्चों को तुरंत जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन एक मासूम की जान नहीं बच सकी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया है। शुरुआती जांच में किसी तरह की साजिश या आपराधिक पहलू सामने नहीं आया है और मामले को हादसा माना जा रहा है।
इस हादसे ने जेजे कैंप जैसे इलाकों में रहने वाले परिवारों की तंग और असुरक्षित ज़िंदगी पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं, जहां मामूली सी चूक भी बड़ी त्रासदी में बदल जाती है।