Tasty Food : रोजाना एक जैसा खाना खाकर अगर आप बोर हो गई हैं, तो लंच में कुछ नया और स्वादिष्ट बनाकर देख सकती हैं। कढ़ी-पकौड़ा भारतीय घरों में पसंद की जाने वाली डिश है, लेकिन इसमें सहजन के पत्ते मिलाकर इसका स्वाद थोड़ा अलग बनाया जा सकता है। सहजन के पत्तों वाली कढ़ी-पकौड़ा स्वाद में चटपटी और खाने में लाजवाब लगती है। इसे चावल या रोटी के साथ परोसा जा सकता है। आइए जानते हैं इसे घर पर बनाने का आसान तरीका.
सहजन की कढ़ी-पकौड़ा बनाने के लिए सामग्री
इस रेसिपी को बनाने के लिए आपको एक कप दही, आधा कप बेसन, एक से दो कप सहजन के साफ पत्ते, एक प्याज (वैकल्पिक), अदरक, हरी मिर्च, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, नमक और पानी की जरूरत होगी। तड़के के लिए थोड़ा तेल या घी, राई, जीरा, मेथी दाना, हींग और करी पत्ते ले सकती हैं। पकौड़ों के लिए थोड़ा अतिरिक्त बेसन और बारीक कटी हरी मिर्च भी रखें.
पहले तैयार करें स्वादिष्ट पकौड़े
सबसे पहले सहजन के पत्तों को अच्छी तरह धोकर पानी सुखा लें। एक बर्तन में बेसन, सहजन के पत्ते, बारीक कटी प्याज, हरी मिर्च, नमक और थोड़ा लाल मिर्च पाउडर मिलाएं। जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालकर गाढ़ा मिश्रण तैयार करें। अब कड़ाही में तेल गर्म करें और मिश्रण के छोटे-छोटे पकौड़े डालकर मध्यम आंच पर सुनहरे और अच्छी तरह पकने तक तल लें। इन्हें निकालकर अलग रख दें.
इस तरह बनाएं चटपटी कढ़ी
एक बर्तन में दही, बेसन, हल्दी और पानी डालकर अच्छी तरह फेंट लें, ताकि गांठें न रहें। अब कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें। उसमें राई, जीरा, मेथी दाना, हींग और करी पत्ते डालकर तड़का लगाएं। चाहें तो अदरक और हरी मिर्च भी मिला सकती हैं। इसके बाद दही-बेसन का मिश्रण डालें और लगातार चलाते हुए उबाल आने दें। फिर आंच धीमी करके कढ़ी को लगभग 15–20 मिनट पकाएं। बीच-बीच में चलाती रहें, ताकि मिश्रण तले में न लगे.
अंत में मिलाएं पकौड़े
जब कढ़ी अच्छी तरह पक जाए और मनचाही गाढ़ी हो जाए, तब इसमें तैयार पकौड़े डाल दें। पांच से सात मिनट धीमी आंच पर पकाएं, ताकि पकौड़े कढ़ी का स्वाद सोख लें। जरूरत के अनुसार नमक और खट्टापन संतुलित करें.
गरमा-गरम परोसें
तैयार सहजन के पत्तों वाली कढ़ी-पकौड़ा को धनिया पत्ती से सजाकर गरमा-गरम चावल या रोटी के साथ परोसें। यह पारंपरिक डिश में नया स्वाद जोड़ने का आसान तरीका है। पकौड़ों को कढ़ी में डालने से पहले अच्छी तरह पकाना और सहजन के पत्तों को साफ धोना न भूलें.