
Noida News: नोएडा में एक युवक को ग्राइंडर (Grindr) एप पर अनजान शख्स से दोस्ती करना महंगा पड़ गया। आरोपी ने युवक को भावनात्मक रूप से फंसाकर मिलने बुलाया और फिर अपने दो साथियों के साथ मिलकर उसके अश्लील वीडियो बनाए। इसके बाद, तीनों ने युवक से नकदी, मोबाइल और स्कूटी लूट ली। पीड़ित ने फेज तीन थाने में मुकदमा दर्ज कराया है और पुलिस जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है।
क्या है पूरा मामला
बिसरख का रहने वाला पीड़ित युवक ग्राइंडर एप का इस्तेमाल करता है। हाल ही में उसकी दोस्ती 'आदित्य' नाम के एक शख्स से हुई। दो दिनों की चैट के बाद, आदित्य ने युवक का विश्वास जीत लिया। मंगलवार दोपहर, आदित्य ने युवक को गढ़ी चौखंडी गांव की गली नंबर 10 में मिलने के लिए बुलाया। जब पीड़ित वहां पहुंचा, तो आदित्य के साथ 'विक्की' और 'किशोर' नाम के दो अन्य युवक भी मौजूद थे। तीनों मिलकर पीड़ित को एक सुनसान जगह पर ले गए। आरोप है कि वहां उन्होंने पीड़ित के कपड़े जबरन उतरवाकर उसका अश्लील वीडियो बनाया और विरोध करने पर मारपीट भी की। इसके बाद, आरोपियों ने पीड़ित के मोबाइल से जबरन पैसे ट्रांसफर करवाए और उसका मोबाइल व स्कूटी भी छीनकर फरार हो गए।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पीड़ित युवक ने फेज तीन थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना बताई। थाना प्रभारी ध्रुवभूषण दूबे ने जानकारी दी कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पहले भी पकड़े जा चुके हैं ऐसे गिरोह यह कोई पहला मामला नहीं है। गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट पुलिस पहले भी ग्राइंडर जैसे डेटिंग एप्स के माध्यम से युवकों को ठगने वाले कई गिरोहों का पर्दाफाश कर चुकी है। फेज तीन, बिसरख और दादरी थाना क्षेत्रों से ऐसे कई अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।