Goa Nightclub Fire: गोवा के उत्तर जिले में स्थित अर्पोरा गांव शनिवार (6 दिसंबर 2025) की रात एक भयावह हादसे का गवाह बना। यहां एक नामी नाइटक्लब में अचानक आग भड़क उठी, जिसमें 23 लोगों की जान चली गई। यह क्लब पिछले वर्ष ही शुरू हुआ था और तेजी से पर्यटकों का पसंदीदा स्थल बन गया था। घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है।पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, “गोवा के अरपोरा में हुई आग की घटना अत्यंत दुखद है। जिन परिवारों ने अपने प्रियजन खोए हैं, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिले। मैंने गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत जी से इस संबंध में बात की है। राज्य सरकार प्रभावित लोगों की हर संभव सहायता कर रही है।’’ प्रधानमंत्री ने यह भी घोषणा की कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को पचास हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे।
An ex-gratia of Rs. 2 lakh from PMNRF will be given to the next of kin of each deceased in the mishap in Arpora, Goa. The injured would be given Rs. 50,000: PM @narendramodi https://t.co/BcS0jYnvVx
— PMO India (@PMOIndia) December 7, 2025
किचन में सिलेंडर फटने से लगी आग
करीब रात 12 बजे क्लब के किचन क्षेत्र में खाना बनाने का काम चल रहा था, तभी वहां मौजूद गैस सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके के तुरंत बाद आग तेजी से पूरे परिसर में फैल गई। विस्फोट इतना प्रबल था कि आसपास के घरों में रहने वाले लोगों ने भी झटका महसूस किया। आग और धुएं के तेजी से फैलने के कारण भीतर मौजूद कई लोग बाहर निकलने का अवसर नहीं पा सके।
पुलिस और दमकल दल तुरंत पहुंचे
धमाके के बाद लोग घबराकर बाहर की ओर भागे और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। गोवा पुलिस महानिदेशक आलोक कुमार के अनुसार, रात 12:04 बजे कंट्रोल रूम को कॉल मिली, जिसके बाद पुलिस, फायर यूनिट और एम्बुलेंस तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं। आग पर कुछ देर बाद काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक कई लोग धुएं से दम घुटने या जलने के कारण अपनी जान गंवा चुके थे।
The fire mishap in Arpora, Goa is deeply saddening. My thoughts are with all those who have lost their loved ones. May the injured recover at the earliest. Spoke to Goa CM Dr. Pramod Sawant Ji about the situation. The State Government is providing all possible assistance to those…
— Narendra Modi (@narendramodi) December 7, 2025
मुख्यमंत्री का सख्त संदेश, सुरक्षा मानकों की जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत रात में ही मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि क्लब ने फायर सेफ्टी से जुड़े नियमों का पालन ठीक तरह से नहीं किया था। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सुरक्षा में लापरवाही पाई गई तो कठोर कार्रवाई होगी। चूंकि यह हादसा पर्यटन सीजन के दौरान हुआ है, इसलिए राज्य सरकार इसे बेहद गंभीरता से ले रही है।