उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में शनिवार तड़के यमुना एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। थाना सुरीर क्षेत्र के माइलस्टोन 88 के पास हुए इस हादसे में छह यात्रियों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई।
बस किनारे खड़ी थी, कंटेनर ने मारी टक्कर
दिल्ली के नागलोई से कानपुर के रसूलाबाद जा रही एक निजी बस एक्सप्रेसवे पर गुजर रही थी। यात्रियों ने लघु शंका के लिए बस रोकने की मांग की, लेकिन चालक ने निर्धारित ग्रीन जोन में बस न रोककर सड़क किनारे खड़ा कर दिया। इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रहे कंटेनर ने बस में जोरदार टक्कर मारी।
छह यात्रियों की मौके पर मौत
हादसे में औरैया के सरवा कटरा निवासी सोनू, बस्ती के अलेवल निवासी देवेश, कन्नौज के गणेश, कापुरवा निवासी असलम और दिल्ली के प्रेम नगर निवासी संतोष समेत कुल छह लोगों की मौत हो गई। दो मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
एक यात्री गंभीर रूप से घायल
औरैया के बेला निवासी अमर दुबे हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने किया राहत एवं जांच कार्य शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। कोतवाली प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायल का इलाज चल रहा है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और गलत स्थान पर बस खड़ा करना माना जा रहा है। हादसे के समय मौसम साफ था और कोहरे का कोई प्रभाव नहीं था।