बुलंदशहर। जनपद के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। खालौर स्टेडियम के पास ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें दोनों वाहनों के चालकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक तेज रफ्तार में था और सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और चालकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के बाद ट्रक में लदे सीमेंट के सैकड़ों बोरे सड़क पर बिखर गए, जिससे मार्ग पर लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
सूचना पर पहुंची जहांगीराबाद थाना पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों चालकों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने
जेसीबी और क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और बिखरे सीमेंट के बोरों को किनारे कराया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात को सुचारु कराया जा सका।
पुलिस ने दोनों मृतक चालकों के शवों का पंचनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी भेज दिया है। साथ ही मृतकों की शिनाख्त कर उनके परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है, जिससे परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।